गोसाईगंज कस्बे में नगर पंचायत की जलापूर्ति ठप होने से मंगलवार को हाहाकार मच गया। करीब आठ मोहल्लों के नलों में एक बूंद पानी भी नहीं टपका। ईओ ने चुनावी ड्यूटी में व्यस्तता बता, लोगों की परेशानी से अनभिज्ञता जताई है।
जबकि जलकल महकमे का कहना है कि तेलियागढ़ में पाइप लाइन टूटने के कारण जलापूर्ति बहाल होने में अभी वक्त लगेगा। पाइप लाइन दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है।
पंचायत प्रशासन की जलापूर्ति व्यवस्था फिर बेपटरी हो गई। मंगलवार सुबह से जलापूर्ति ठप होने से कस्बे में लगे तीन दर्जन स्टैंड पोस्ट शोपीस बने रहे। साथ ही लोगों के घरों में लगी वाटर सप्लाई की टोटियां सूखी पड़ी रहीं।
जलापूर्ति बहाल न होने से नगर पंचायत के सरस्वती नगर, तेलियागढ़, भीटी चौराहा, हिंक्षारामभारती गली, टेढियागली, शहीदवारी, डाकखाना गली, कटरा मोहल्ले में निवास करने वाली करीब 20 हजार की आबादी पानी को लेकर परेशान दिखी।
सुबह पानी न मिलने से लोगों में हाहाकार मचा रहा। नित्यक्रिया में परेशानी उठानी पड़ी। हैंडपंपों से पानी लेने को लिए लाईनें लगी रहीं, वही पानी के संचय को लेकर लोग फिक्रमंद दिखाई पड़े।
गौरतलब है कि कस्बेवासियों को जलापूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए पंचायत प्रशासन ने सुबह 6 से 7:30 बजे तक और शाम 6 से 7:30 बजे तक जलापूर्ति का शेड्यूल तय कर रखा है।
बावजूद पंचायत प्रशासन द्वारा आएदिन जलापूर्ति व्यवस्था में मनमानी की जाती है।
कस्बे के रामू, खेलावन, शोभादीन, जगदीश, महमूद, डॉ. रामाज्ञा, पूर्व सभासद देवी प्रसाद गुप्ता ने पंचायत प्रशासन की इस लापरवाही पर रोष व्यक्त करते हुए सुधार की मांग की है।