अयोध्या। अमर उजाला फाउंडेशन और श्री अग्रवाल सभा की ओर से बृहस्पतिवार को रक्तदान का मेगा शिविर लगेगा। रक्तदान सुबह 9 बजे से जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में शुरू होगा। कोरोना संकट में रक्त की कमी से जूझ रहे लोगों की जान बचाने के लिए यह आपका सबसे अनमोल दान होगा। 24 घंटे में करीब 50 लोगों ने महादान में शामिल होने के लिए पंजीकरण कराया है।
शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता करेंगे। विशिष्ट अतिथि सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह व सीएमएस डॉ. एके राय होंगे। श्री अग्रवाल सभा के अध्यक्ष उत्तम बंसल, उपाध्यक्ष अंजनी अग्रवाल, संगठन मंत्री सजल अग्रवाल, महिला सभा की अध्यक्ष ममता गर्ग, अंजनी गर्ग, अमल अग्रवाल आदि ने लोगों से रक्तदान की अपील की है।
महादानियों को अमर उजाला फाउंडेशन प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेगा। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके राय ने बताया कि लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए चिकित्सक मौजूद रहेंगे।
कायस्थ सेवा समाज भी रक्तदान में लेगा हिस्सा
कायस्थ सेवा समाज के अध्यक्ष विजेश श्रीवास्तव ने कहा कि समाज के लोग भी अमर उजाला फाउंडेशन के रक्तदान अभियान में हिस्सा लेकर अधिकाधिक रक्तदान करेंगे। कोरोना जैसे संकट में ब्लड बैंकों में रक्त का अभाव हो रहा है, ऐसे में समाज के हर तबके को बढ़-चढ़कर रक्तदान का महादान करने में भूमिका निभानी होगी।