मवई। मवई थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में धमाके के साथ पिपरमिंट की टंकी अचानक फटने से चपेट में आकर टंकी मालिक समेत एक किसान और उसकी पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने घायलों को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवई पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया। पिपरमेंट से तेल निकालने की टंकी छह साल पुरानी व जर्जर बताई जा रही है।
मवई थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी विजय कुमार अपने खेत मे स्थित ट्यूबवेल पर पिपरमेंट से तेल निकालने की टंकी लगाकर किराए पर पिपरमेंट की फसल से तेल निकालते हैं। सोमवार को रतनपुर गांव निवासी रमेश कुमार और उनकी गर्भवती पत्नी गीता ने अपने खेत से पिपरमेंट की फसल काटकर टंकी में भराई किया और भट्टी में आग जलाकर लकड़ी झोंक रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे अचानक तेज धमाके के साथ टंकी फट गई।
इससे टंकी मालिक विजय कुमार (45) निवासी शेरपुर, गीता देवी (28) निवासी रतनपुर व रमेश (32) निवासी रतनपुर गंभीर रूप से झुलस कर बेहोश हो गए। ग्रामीणों ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य क्ेंद्र मवई पहुंचाया, जहां से चिकित्सक डॉ विनय ने हालत गंभीर होने के चलते तीनों घायलों को लखनऊ रेफर कर दिया। चिकित्सक डॉ विनय ने बताया कि महिला गीता गर्भवती है और गंभीर रूप से झुलस गई है, वही विजय कुमार की हालत नाजुक बनी हुई है। मवई थाना प्रभारी निरीक्षक चन्द्रभान यादव ने बताया कि पिपरमेंट टंकी छह साल पुरानी जर्जर बताई जा रही है।