फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: ‘कमल मित्र’ से आधी आबादी को साधेगी भाजपा

Mon, 13 Mar 2023 12:50 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। भाजपा ने मिशन 2024 को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी का मानना है कि लोकसभा चुनाव में बंपर जीत यानि मिशन 350 तक पहुंचने के लिए महिलाओं के बीच पैठ बढ़ाना सबसे अधिक जरूरी है। इसलिए कार्यक्रमों के जरिए आधी आबादी को जोड़ा जाएगा। उनमें से एक योजना ‘कमल मित्र’ है, जिसके जरिए महिला कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि आधी आबादी को साधा जा सके।
विज्ञापन



रामनगरी में प्रदेश भर की महिला पदाधिकारियों को रविवार को एकत्रित कर भाजपा ने न सिर्फ निकाय चुनाव का बिगुल बजाया बल्कि उसका ध्यान मिशन 2024 पर है। भाजपा आधी आबादी पर फोकस करने जा रही है, इस कार्यसमिति से यह संदेश भी निकला।

कार्यसमिति में पहुंचीं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानति श्रीनिवासन ने बताया कि ‘कमल मित्र’ अभियान से एक लाख महिलाओं को जोड़ा जाएगा। कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए एक सिलेबस भी तैयार किया जा रहा है।
विज्ञापन


‘कमल मित्र’ के जरिए कार्यकर्ता देश भर में तमाम योजनाओं के लाभ से वंचित रहने वाली महिलाओं के पास भी जाएंगे। योजनाओं के रजिस्ट्रेशन से लेकर योजना का लाभ मिलने तक की पूरी जानकारी दी जाएगी।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य ने बताया कि महिला शक्ति सम्मान समारोह, सेल्फी विद लाभार्थी, घर-घर संपर्क, स्वयं सहायता समूह से संपर्क, प्रबुद्ध वर्ग का सम्मान जैसे कार्यों के साथ ही संगठन के द्वारा चलाये जा रहे सभी अभियानों एवं कार्यक्रमों में महिला मोर्चा की पूरी भागीदारी रहेगी।

एक करोड़ सेल्फी अभियान में उज्ज्वला, जनधन योजना और आयुष्मान योजना आदि के महिला लाभार्थियों को जोड़ा जा रहा है। 100 स्मार्ट शहरों में पांच से 10 हजार स्मार्ट महिला लीडर भी तैयार की जाएंगी।

सुषमा स्वराज के नाम पर बंटेगा अवार्ड
वनाति ने बताया कि महिला मोर्चा द्वारा भाजपा की दिग्गज नेता सुषमा स्वराज के नाम पर अवार्ड शुरू किया जा रहा है। जिले की उन 10 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा जो किसी न किसी क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। चयन के लिए एक कमेटी बनाई गई है। देश में नौ हजार महिलाओं को यह अवार्ड दिया जाएगा।

महिलाओं पर फोकस की ये है वजह
2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी का वोट शेयर 37 फ़ीसदी था। वोट देने वाली महिलाओं का वोट प्रतिशत सिर्फ 36 फ़ीसदी तक था यानि पुरुष वोटरों की तुलना में बीजेपी को महिलाओं का वोट कम मिला था। जबकि सरकार की ज्यादातर योजनाएं महिलाओं को केंद्रित करके बनाईं हैं। इसी वजह से बीजेपी अब कई अलग-अलग कार्यक्रम के जरिए महिलाओं तक पहुंचेगी और उन्हें अपने काम के आधार पर पार्टी से जोड़ने का प्रयास करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें