सोमवार को पत्रकारों को मोबाईल बैकिंग के बारे में जानकारी देते क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज शर्मा।
- फोटो : अमर उजाला
बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण ने फैजाबाद व अंबेडकरनगर जिले में स्थित 91 शाखाओं में मोबाइल बैंकिंग सेवा की शुरूआत कर दी है। सोमवार को साकेत पुरी स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज शर्मा ने बड़ौदा ग्रामीण बैंक की मोबाइल बैंकिंग सेवा के ‘बीयूपीजीबी एम-कनेक्ट’ एप को लॉन्च किया।
क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीशर्मा ने नोटबंदी के बाद बैंकिंग सेवा में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए बैंक ने ग्राहकों की सुविधा के लिए कैशलेस बैंकिंग मोबाइल सेवा शुरू कर दी है। बताया कि मोबाइल बैंकिंग अत्यंत आसान व सुविधाजनक है।
इसके माध्यम से ग्राहक बगैर कैश के बैंकिंग लेनदेन कहीं भी कभी भी कर सकता है। मोबाइल बैंकिंग की खूबियों को गिनाते हुए कहा कि बड़ौदा ग्रामीण बैंक के ग्राहक 24 घंटे इस तकनीक के माध्यम से बैंकिंग कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बैंक की महिला अफसर दीप्ति श्रीवास्तव ने वीडियो प्रोजेक्टर के माध्यम से ग्राहकों को मोबाइल बैंकिंग के बारे में विस्तार से बताया। मुख्य प्रबंधक त्रिवेणी सिंह ने कहा कि फैजाबाद व अंबेडकरनगर के 91 शाखाओं में मोबाइल बैंकिंग सेवा शुरू हो गई है।