अयोध्या। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने कहा कि बैंक लाभार्थीपरक योजनाओं की ऋण स्वीकृति शीघ्र करें जिससे लाभार्थी को अनुदान का लाभ मिल सके।
वह एक होटल के सभागार में नाबार्ड से चलाई जा रही अनुदानयुक्त योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सरकारी विभागों एवं बैंकों के अधिकारियों के लिए आयोजित कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
विभागों एवं बैंकों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया। कहा कि पशुपालन विभाग को जनपद के प्रत्येक विकासखंड में कम से कम एक-एक ऐसे लाभार्थी का चयन किया जाए, जिसे इस योजना का लाभ दिया जा सके।
उन्होंने कार्यशाला करवाने के लिए नाबार्ड की प्रशंसा की। कार्यशाला का लाभ उठाने हेतु सभी अधिकारियों को आह्वान किया। कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे सीडीओ अभिषेक आनंद ने नाबार्ड के कार्यक्रम का लाभ जनपद के सभी लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए विभागों एवं बैंकों से आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
उन्होंने जनपद के ज्यादा से ज्यादा लोगों को अनुदानयुक्त योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आह्वान किया।
जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड परमेश्वर लाल पोद्दार ने डेयरी उद्यमिता विकास योजना पर विस्तार से बताया। इस योजना के तहत दो से 10 पशुओं के लिए अनुदान का प्रावधान है।
इस योजना में सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग के लिए 25 फीसदी अनुदान तथा एससी व एसटी वर्ग के लिए एक तिहाई अनुदान का प्रावधान है। साथ ही मुर्गीपालन, बकरीपालन एवं सुअर पालन योजना पर भी चर्चा की।