इनायतनगर थाने में कैश वैन से बरामद रकम से जुडे़े कागजातों की पड़ताल करते स्टेटिक मजिस्ट्रेट व पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रशासन की ओर से चलाए गए वाहन चेकिंग अभियान में इनायत नगर थाना पुलिस ने दो चौकी क्षेत्रों में तीन कैश वैन से 25 लाख रुपये बरामद किए। स्टैटिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घंटों जांच पड़ताल के बाद जब नकदी के कागजात दो बैंक व एक एलआईसी के पाए गए तो तीनों वाहनों को छोड़ दिया गया।
हैरिंग्टनगंज चौकी प्रभारी ने बताया कि वैन से चार लाख 15 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। चालक संबंधित कैश का प्रमाणित कागजात नहीं दिखा सका लेकिन बताया कि यह कैश एलआईसी का है। तभी दूसरी कैश वैन भी आ पहुंची। जिसमें से 11 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई।
चालकों का कहना था कि वैन से कैश ग्रामीण बैंक को मुहैया कराने जा रहे थे। वहीं थाना क्षेत्र के शाहगंज चौकी प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि हैरिंग्टनगंज-शाहगंज रोड पर परसौली के पास वाहनों की चेकिंग के दौरान कैश वैन से 10 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई है। चालक ने बताया कि कैश बैंक ऑफ बड़ौदा के लिए जा रहा था।