अयोध्या। कोतवाली नगर के अंतर्गत गुलाबबाड़ी स्थित स्टार बेकरी में पनीर पेटीज में हड्डी मिलने के मामले में पुलिस ने शिकायतकर्ता अभिनव तिवारी की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। वहीं शिकायत के बाद जांच के लिए पहुंची खाद्य विभाग की टीम ने शाकाहारी खाद्य पदार्थ बेचने की अनुमति के बाद मांसाहारी खाद्य पदार्थ बेचता पाए जाने पर दुकानदार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। हालांकि टीम पनीर पेटीज में हड्डी निकलने की पुष्टि नहीं कर रही है।
मंगलवार को नाका निवासी दो दोस्त अभिनव व अर्पित स्टार बेकरी की दुकान में पनीर पेटीज खाने गए थे। खाते समय पेटीज में हड्डी निकल आई। इसकी शिकायत दुकानदार से की तो उसने अपने साथियों के साथ उससे अभद्रता की। इसकी शिकायत उसने कोतवाली पुलिस से की, जिस पर पुलिस ने स्टार बेकरी के मालिक व कर्मचारियों के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बेकरी पहुंच जांच पड़ताल की है और नमूना एकत्र किया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि सूचना पर टीम भेजकर जांच कराई गई है। टीम ने जांच और विश्लेषण के लिए दो नमूने एकत्र किए हैं। बताया कि बेकरी संचालक के पास केवल उनके विभाग की ओर से शाकाहार खाद्य पदार्थ बेचने का लाइसेंस जारी किया गया है। जबकि वहां नॉनवेज भी बिकता पाया गया। इसके लिए उसने अपनी दुकान पर बाकायदा रेट लिस्ट भी लगा रखी थी।
उन्होंने बताया कि सावन माह को लेकर होटल रेस्टोरेंट आदि में नॉनवेज का कारोबार प्रतिबंधित किया गया है। बावजूद इसके अवैध रूप से बेकरी संचालक की ओर से नॉनवेज का कारोबार किया जा रहा था। दुकान मालिक को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस संदर्भ में शिवसेना के नेता संतोष दुबे ने कहा कि प्रतिबंध के बाद भी स्टार बेकरी की ओर से सरेआम नॉनवेज परोसा जा रहा है। अगर उसका लाइसेंस निरस्त नहीं किया गया तो इसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।