अयोध्या। दारोगा राजेश भारती के खिलाफ कोर्ट ने जमानती वारंट जारी करने का आदेश किया है। ये आदेश सीजेएम श्रद्धा तिवारी की कोर्ट ने दारोगा के प्रार्थनापत्र को खारिज करते हुए अधिवक्ता अजय वर्मा की बहस को सुनते हुए किया है।
अधिवक्ता अजय वर्मा ने बताया कि उनकी पुत्री नवोदय विद्यालय के हॉस्टल में रहती है। 26 अगस्त 2018 को वह बेटी से मिलने जा रहे थे। जब वह पूरा कलंदर तिराहे पर पहुंचे तो बीडीओ जनार्दन व दरोगा राजेश कुमार भारती मिले। दोनों ने अधिवक्ता अजय वर्मा को रोककर उनके साथ अभद्रता की।
इस पर दाखिल हुए परिवाद में कोर्ट ने बीडीओ जनार्दन व दरोगा राजेश भारती को जान से मारने की धमकी देने व अपराधिक अभित्रास के मामले में तलब किया था। दौरान मुकदमा बीडीओ जनार्दन दुबे की सड़क हादसे में मौत हो गई।
तलबी की जानकारी होने के बावजूद दरोगा कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए और अधिवक्ता के माध्यम से इस आशय का प्रार्थनापत्र दिया था कि तलबी आदेश के खिलाफ उन्होंने निगरानी याचिका दाखिल की है, ऐसे में परिवाद की कार्यवाही स्थगित की जाए। सुनवाई के बाद कोर्ट ने प्रार्थनापत्र खारिज करते हुए जमानती वारंट जारी करने का आदेश दिया। मामले में अगली पेशी 16 सितंबर नियत की गई है।