डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के तकनीकी संस्थान के विद्यार्थियों को सत्र बीत जाने के बाद भी छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति नहीं मिली है। नाराज छात्रों ने बुधवार को डीएम कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी को संबोधित पत्र सीआरओ को सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
कलेक्ट्रेट पहुंचे तकनीकी संस्थान के विद्यार्थियों अनुज प्रताप सिंह, अविनाश राज, शशांक द्विवेदी, राना राम, शेष मनि, राहुल कुमार, रवि चौहान, प्रदीप मौर्य, शुभम गोयल, दीपक मिश्र, वैव गुप्ता, गौरव यादव सहित कई छात्रों ने बताया कि उन लोगों ने दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति सत्र 2015-16 के लिए आवेदन किया था।
जिसमें एनआईसी की वेबसाइट पर सभी छात्रों के आवेदन की वर्तमान स्थिति में रिकॉर्ड नाट फाउंड इन रिजल्ट डाटा अपलोडेड बाई यूनिवर्सिटी/ माध्यमिक शिक्षा डाटा दिखा रहा। इसी संस्थान के कुछ छात्रों की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की राशि उनके खाते में आ चुकी है जबकि किसी छात्र का रिजल्ट वेबसाइट पर अपलोड नहीं किया गया है।
यह बात समाज कल्याण विभाग भी नहीं बता पा रहा है कि उन छात्रों को छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति किस तरह मिल गई जबकि दूसरे छात्रों को नहीं मिल पाई है। डीएम को भेजे गए पत्र में छात्रों ने कहा है कि कोई भी विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा है। वह सभी परेशान हैं। मांग उठाई कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाए।
सीआरओ ने ज्ञापन लेकर छात्रों को आश्वस्त किया कि मामले में समाज कल्याण विभाग से यथोचित कार्रवाई कराई जाएगी। हालांकि इस बाबत जिला समाज कल्याण अधिकारी से बात करने की कोशिश की गई लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।