फैजाबाद (ब्यूरो)। लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा सत्र 2017-19 के लिए आयोजित बीएड प्रवेश परीक्षा में सफल छात्र/छात्राओं के प्रवेश के लिए काउंसलिंग मंगलवार से प्रदेश के विभिन्न केन्द्रों पर होने जा रही है।
फैजाबाद में अवध विश्वविद्यालय के आईईटी परिसर स्थित प्रबंध भवन को काउंसलिंग केंद्र बनाया गया है। यहां पर जिन छात्रों की काउंसलिंग होनी है उनके द्वारा डाउनलोड किए गए काउंसलिंग आमंत्रण पत्र पर स्पष्ट रुप से काउंसलिंग केंद्र का नाम अंकित है।
आईईटी परिसर स्थित बीएड काउंसलिंग केंद्र के समन्वयक प्रो. आरएन राय ने बताया कि 6 जून से प्रारंभ होने वाली कांउसलिंग में अभ्यर्थियों को अपने साथ 500 रुपये और 5 हजार रुपये के दो बैंक ड्राफ्ट वित्त अधिकारी लखनऊ विश्वविद्यालय, लखनऊ के नाम बनवाकर लाना होगा।
साथ ही अभ्यर्थियों को बीएड प्रवेश परीक्षा की अधिकारिक वेबसाइट से अपना घोषणा पत्र व काउंसलिंग लेटर भी डाउनलोड करके लाना अनिवार्य है। काउंसलिंग समन्वयक ने यह भी बताया कि महाविद्यालयों के नाम से संबंधित सूची व काउंसलिंग प्रक्रिया के संबंध में विस्तृृत विवरण भी इस बार लखनऊ विवि द्वारा बीएड की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।
इस संबंध में अभ्यर्थियों को अलग से कोई बुकलेट उपलब्ध नही कराई जा रही है। आईईटी परिसर स्थित काउंसलिंग केंद्र पर प्रो. हिमांशु शेखर सिंह व डॉ. शैलेंद्र वर्मा को काउंसलिंग उप-समन्वयक नियुक्त किया गया है।
इन्हें 6 जून से प्रारंभ होकर 30 जून तक चलने वाली काउंसलिंग को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की जिम्मेदारी दी गई है। उप समन्वयक प्रो. हिमांशु ने बताया कि समस्त अभ्यर्थियों को प्रवेश फार्म में अंकित किए गए समस्त अंक तालिकाएं व प्रमाण पत्र मूल रुप में लाने के साथ-साथ दो सेट फोटोकॉपी भी लानी है।
प्रो. हिमांशु ने बताया कि काउंसलिंग प्रात: 10 बजे से प्रारंभ हो जाएगी। काउंसलिंग में प्रतिभाग करने वाले छात्र/छात्राओं का रैंकवार विवरण बीएड की अधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।