डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की सुबह शुरू हुई बीए प्रथम वर्ष हिंदी के प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा में शहर के एक कॉलेज में शाम की पाली का पेपर खुल जाने से हड़कंप मच गया। आननफानन में मौके पर पहुंचे परीक्षा नियंत्रक ने हिंदी द्वितीय वर्ष प्रथम प्रश्नपत्र की शाम की पाली में होने वाली परीक्षा रद्द कर दी है।
मामले को लेकर गुरुवार को परीक्षा समिति की बैठक बुलाई गई है, जिसमें अगली तिथि तय होने की उम्मीद है। हालांकि परीक्षा रद्द होने से हजारों लोग परेशान हुए। जबकि विवि की ओर से लीक प्रकरण में संबंधित कॉलेज का नाम-पता गुप्त रखा जा रहा है। कोई भी जिम्मेदार अधिकारी नाम बताने को तैयार नहीं है।
अवध विवि की बुधवार को सुबह की पाली में बीए प्रथम वर्ष हिंदी के प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा होनी थी। बताते हैं कि इस दौरान शहर में इलाहाबाद रोड स्थित एक गर्ल्स पीजी कॉलेज में कॉपी बंटने के बाद जब पेपर बांटा जाने लगा तो एक पैकेट बीए द्वितीय वर्ष हिंदी के प्रथम प्रश्न पत्र का खुल गया।
बताते हैं कि कुछ छात्राओं के हाथ तक पेपर पहुंच गया और उनकी शिकायत पर कॉलेज प्रशासन को गलती का एहसास हुआ। इसके बाद तत्काल विवि प्रशासन को खबर दी गई। मौके पर पहुंचे परीक्षा नियंत्रक एएम अंसारी ने स्थिति की जांच की। मामला परीक्षा समिति को भेजा गया है।
परीक्षा नियंत्रक एएम अंसारी ने कहा कि बुधवार को दूसरी पाली में होने वाले बीए-2 हिंदी प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा अपरिहार्य कारणों से अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दी गई है। वे परीक्षा स्थगित करने के कारणों का खुलासा नहीं कर सकते।
पेपर आउट होने से सवाल पर कहा कि मामला परीक्षा समिति को भेजा गया है, जहां गुरुवार की बैठक में ही परीक्षा की अगली तिथि व परीक्षा बीए-2 हिंदी प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा अचानक रद्द करने की स्थिति साफ होगी।