तिरंगा फहराने जम्मू जाने वाले युवाओं को रवाना करते विधायक वेद प्रकाश गुप्ता।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद पहली बार पड़ रहे स्वतंत्रता दिवस पर अयोध्या के युवा श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराएंगे। इसके लिए 26 युवाओं का एक दल सोमवार को रवाना हुआ।
यह दल 14 अगस्त को दिल्ली व 15 अगस्त को लाल चौक पर झंडारोहण करेगा। दल को भाजपा महिला टीम की सदस्यों ने राखी बांधकर व नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
केंद्र सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के बाद पहली बार स्वतंत्रता दिवस पर वहां तिरंगा फहराया जाएगा। सोमवार को श्रीनगर के लाल चौक पर झंडा फहराने अयोध्या के युवाओं का जत्था युवा महाराणा सेना के अध्यक्ष दिनेश सिंह के नेतृत्व में रवाना हुआ।
सोमवार को रिकाबगंज चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने सभी युवाओं को तिलक लगाकर रवाना किया। इस दौरान भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने युवाओं की कलाई पर राखी बांधी।
इसके बाद नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। दिनेश ने बताया कि दल में अयोध्या से 7, सुल्तानपुर से 3 प्रतापगढ़ से 2, बिहार से 10 व राजस्थान से 4 लोग शामिल हैं। बताया कि दल द्वारा 14 अगस्त को दिल्ली के इंडिया गेट पर व 15 अगस्त को श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराया जाएगा।
इस दौरान अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि शहीद सैनिकों के सम्मान में अयोध्या व अन्य जगहों के युवा 15 अगस्त को लाल चौक पर झंडा फहराएंगे।