अयोध्या शोध संस्थान के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय चित्रकला शिविर के तीसरे दिन रविवार को कलाकृतियां बनाने में मशगूल चित्रकार।
- फोटो : अमर उजाला
अयोध्या शोध संस्थान के तत्वावधान में आयोजित के तीसरे दिन भी देश भर से आए नामचीन चित्रकार कैनवस पर राम और अयोध्या को उकेरने में जुटे रहे। रविवार को आजमगढ़ के जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिलेश चंद्र शर्मा ने शिविर में चित्रों का अवलोकन किया।
उन्होंने कलाकारों द्वारा अयोध्या के स्थापत्य और राजाओं को केंद्र में रखकर बनायी गयी कलाकृतियों को देखा और कलाकारों से संवाद भी किया। न्यायाधीश श्री शर्मा ने राम तथा उनके दर्शन तथा अयोध्या के विभिन्न स्थानों के वास्तु और स्थापत्य सौंदर्य की रंग और रेखाओं की व्यंजना को सराहा। कहा कि कलाएं जीवन को उदात्त बनाती है।
इससे पहले कलाकारों द्वारा सृजित की जा रही कलाकृतियों को देखने के लिए मिल्कीपुर के एसडीएम संतोष कुमार भी पहुंचे। उन्होंने कलाकृतियों में सृजित सौंदर्यबोध को सराहते हुए कहा कि राम और अयोध्या पर एक साथ देश के विभिन्न अंचलों से आए कलाकारों की कला को देखना सुखद है।
शिविर में उच्च न्यायालय लखनऊ की अधिकारी अभिलाषा गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर (प्रशिक्षु) पंकज सिंह ने भी कलाकृतियों को देखा व कलाकारों से बात की। शिविर में काम कर रहे कलाकारों और उनके द्वारा बनाए जा रहे चित्रों को देखने के लिए गुरूनानक गर्ल्स डिग्री कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य डा. बीके सिंह, चित्रकार नंदलाल पांडेय सहित शहर के कलाप्रेमी बड़ी संख्या में पहुंचे।
शिविर के समन्वयक एवं कलाकार डॉ. अवधेश मिश्र ने बताया कि इस शिविर में इस बार पारंपरिक, समकालीन के साथ ही आधुनिक कला सरोकारों जुड़े कलाकार भाग ले रहे हैं। बताया कि बनायी जा रही कलाकृतियों को 29 मार्च को प्रदर्शित किया जाएगा।