अयोध्या। रामनगरी दीपोत्सव की तैयारी में राममय होती नजर आ रही है। राम की पैड़ी से लेकर, रामकथा पार्क तक को सजाने, संवारने व चमकाने का काम तेजी से चल रहा है। सरयू घाटों को भव्यता प्रदान करने में कारीगर पूरी तत्परता से जुटे हैं। पर्यटन विभाग व संस्कृति विभाग इस दीपोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने में कोई कसर न रह जाए इस बात को लेकर पूरी तैयारी से लगा हुआ है।
जहां राम की पैड़ी की अविरलता सुनिश्चित करने पर काम जारी है तो वहीं रामकथा पार्क को अंतिम रूप देने में कारीगर जुटे हुए हैं। नयाघाट से फैजाबाद तक की सड़कें चमकाई जा रही हैं तो गलियों को भी दुरुस्त करने का काम चल रहा है। इस बीच अयोध्या पहुंच रहे श्रद्धालु मठ-मंदिरों में दर्शन-पूजन तो कर ही रहे हैं, सरयू स्नान के बाद दीपोत्सव की तैयारी को लेकर भी उत्सुकता उनमें साफ नजर आती है।
लंका विजय के बाद भगवान राम के अयोध्या लौटने की खुशी में रामनगरी को जिस तरह त्रेतायुग में सजाया, संवारा व भव्यता प्रदान की गई थी कुछ उसी अंदाज में इस दीपोत्सव में भी त्रेतायुग को जीवंत करने की पूरी तैयारी में शासन-प्रशासन लगा हुआ है। राम की पैड़ी के जलप्रवाह की निरंतरता सुनिश्चित करने में अधिकारी जुटे हुए हैं तो वहीं रामकथा पार्क को सजाने का काम जोरों पर है।
राम की पैड़ी परिसर में अतिथियों, मीडियाकर्मियों, साधु-संतों के लिए अलग-अलग मंच तैयार किया जा रहा है। सरयू घाट पर जहां मुख्यमंत्री अतिथियों के साथ मां सरयू की आरती करेंगे। वहां व्यवस्था दिव्य करने का काम तीव्र गति से चल रहा है। राम की पैड़ी के आस-पास बने भवनों को इस तरह सजाया जा रहा कि दीपोत्सव में यह भव्यता की बानगी बन सकें।
सरयू घाट से लेकर पूरे शहर को दीपोत्सव के कटआउट से सजाने का काम तेजी से चल रहा है। तो वहीं करीब 12 स्थानों पर भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए जा रहे हैं। प्रवेश द्वारों पर रामायणकालीन द़ृश्य अंकित किए जाएंगें जो कि अयोध्या आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करेंगे।
सोमवार को महाराष्ट्र से अयोध्या दर्शन-पूजन करने आया श्रद्धालुओं का जत्था दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेते दिखा। सिद्धार्थ पेडनकर ने कहा कि दीपोत्सव की चर्चा सुनी है, तैयारी देखकर लग रहा है कि आयोजन भव्य होगा। बिहार के श्रद्धालु रमाकांत दास बोले योगी जी ने अयोध्या की गरिमा लौटाने का काम किया है। कई श्रद्धालु दीपोत्सव को लेकर सज रहे सरयू घाट पर सेल्फी लेते भी दिखे।
इस बार राम की पैड़ी पर फाइबर की भव्य राम व हनुमान की मूर्ति लगाई जाएगी। ये मूर्तियां सोमवार को अयोध्या पहुंच चुकी हैं। यहां भगवान राम की एक और हनुमान की दो मूर्तियां आकर्षण का केंद्र होंगी। पिछले वर्ष प्लास्टर ऑफ पेरिस की हनुमान व भगवान श्रीराम की मूर्ति दीपोत्सव में राम की पैड़ी में स्थापित की गई थी तो कुछ ही दिनों पहले बरसात के दौरान ढह गई थी। इस बार भगवान राम की 20 फिट व हनुमान की 15 फिट की मूर्तियां राम की पैड़ी में स्थापित की जाएगी।
दीपोत्सव में जगह-जगह कुंभ व रामायणकालीन दृश्य उतारने में चित्रकार जुटे हुए हैं। अभी रामकथा के आस-पास की दीवालों को रामायणकालीन एवं कुंभ के दृश्यों से सजाने का काम तेजी से चल रहा है। मुख्य मार्ग पर जगह-जगह व रामकथा के पास कुंभ स्नान करता श्रद्धालु, रामायण कालीन प्रसंग कलाकार उकेर रहे हैं। इन प्रसंगों में राम की जीवन यात्रा के प्रसंग उकेरे जाएंगे जो कि दीपोत्सव में आने वाले भक्तों की आकर्षण का केंद्र होेंगे।