अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने विवि के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ शनिवार को स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने विभिन्न विभागों में निष्प्रयोज्य वस्तुओं को शीघ्र हटाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया।
अभियान की शुरूआत कुलपति प्रो. सिंह ने अधिकारियों, शिक्षकों व कर्मचारियों के साथ मुख्य परिसर से साफ-सफाई करके की। परिसर में 4 मार्च से 6 मार्च तक नैक की टीम से निरीक्षण होना है। इसी के दृष्टिगत परिसर को स्वच्छ बनाये रखने के लिए अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने विभागों में श्रमदान कर साफ-सफाई की। यह साफ-सफाई अभियान विश्वविद्यालय में अक्टूबर माह से चलाया जा रहा है। इस अभियान में कुलसचिव उमानाथ, कुलानुशासक प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. चयन कुमार मिश्र, प्रो. एसएस मिश्र, प्रो. गंगा राम मिश्र आदि मौजूद रहे।