अयोध्या-रंगमहल मंदिर में ट्रस्ट अनिल मिश्रा को चांदी शिला सौंपते रंगमहल परिवार के भक्त
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। राममंदिर निर्माण के लिए चल रहे निधि समर्पण अभियान में रंगमहल परिवार की ओर से पांच किलो चांदी की शिला सहित एक लाख 36 हजार रुपये का चेक भी सौंपा गया। रंगमहल मंदिर के महंत राम शरण दास ने कहा कि भूमि पूजन के समय ही शिष्यों ने संकल्प लेकर दान की मंशा जाहिर की थी। राममंदिर निर्माण शुरू होने के साथ ही अपनी आस्था अर्पित की गई है। कहा कि राममंदिर निर्माण से सदियों की प्रतीक्षा अब पूरी हो रही है, हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि राममंदिर निर्माण के सहभागी बनने का पुण्य अवसर मिला है।
रंगमहल परिवार के सदस्यों ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा को पांच किलो चांदी की शिला और आरएसएस के प्रांत प्रचारक कौशल किशोर को एक लाख 36 हजार का चेक सौंपा। इस दौरान दिलीप उमर, लीलावती, अशोक गुप्ता, मीरा गुप्ता, मीना सिंह, मनोज गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे। वहीं साकेत पुरी स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय साकेत निलयम पर निधि समर्पण अभियान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभाग प्रचारक संजय ने कहा कि 500 वर्षों के कठिन संघर्ष एवं लाखों लाख के बलिदानों के बाद यह शुभ अवसर हम सभी को प्राप्त हुआ है। इस दौरान 56,810 हजार की राशि राममंदिर के लिए समर्पित की गई। मौके पर अमरदीप गोंड, महेश चतुर्वेदी, अविरल मिश्र, आदर्श सिंह, अमन श्रीवास्तव सहित अन्य मौजूद रहे।