योध्या-रौनाही स्थित टोल प्लाजा
- फोटो : FAIZABAD
सोहावल। टोल प्लाजा के सभी बूथ सोमवार मध्यरात्रि के बाद कैशलेस हो गए। इसको लेकर दिन भर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। अब बिना फास्टैग कोई भी वाहन टोल बूथ से आगे नही बढ़ पाएगा। जबरन फास्टैग लेन में आने वाले वाहनों को दुगना टैक्स देना पड़ेगा। टोल प्लाजा की सुरक्षा कड़ी करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल और पीएसी तैनात की गई है।
एनएचआई के नए निर्देशों के तहत 15 फरवरी की आधी रात के बाद टोल प्लाजा से केवल फास्टैग लगे वाहन ही गुजरने पाएंगे। नकद टैक्स भुगतान कर वाहन पास करने की व्यवस्था पूरी तरह समाप्त कर दी गयी है। इसे लेकर टोल प्लाजा संचालकों ने सोमवार को अपनी तैयारी पूरी कर ली है। बिना टैग लगे वाहनों को टोल प्लाजा पहुंचने पर मौके पर ही लाइन लगवाकर फास्टैग देने की व्यवस्था प्रबंध तंत्र ने बनाई है। इसके लिए बैंकिंग और फास्ट टैग बेचने वाली दर्जन भर से ज्यादा कंपनियों ने टोल प्लाजा के दोनों तरफ हाइवे पर अपने कैंप स्थापित कर 24 घंटे फास्टैग बेचने की व्यवस्था बनाई है। वाहन चालकों और टोल संचालकों के बीच संभावित विवाद की स्थिति को देखते हुए टोल प्लाजा प्रबंध तंत्र की मांग पर सोमवार रात 10 बजे से अतिरिक्त सुरक्षा बल व पीएसी ने टोल प्लाजा को अपने घेरे में ले लिया।
टोल प्लाजा तहसीनपुर रौनाही के वरिष्ठ प्रबंधक विनय वर्मा ने बताया कि एनएचआई और पीएनसी के नए निर्देशों के तहत सोमवार रात 12 बजते ही टोल के सभी बूथ कैशलेस बना दिए जाएंगे। केवल फास्टैग धारक वाहन ही टोल बूथ पार करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पीएसी की टुकड़ी सहित अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। बिना टैग लगे आने वाले वाहनों को मौके पर ही टैग लगाने के लिए कर्मी मौजूद रहेंगे। वाहन चालकों को अपने आधार नंबर और गाड़ी की आरसी फोटोकॉपी देनी होगी। नियमों का उल्लंघन कर टैगलाइन में जाने वाले बिना टैग वाहनों से दुगना टैक्स लेकर ही बाहर निकाला जाएगा।