अयोध्या। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए हो रहे टीकाकरण में स्वास्थ्यकर्मियों के साथ पुलिसकर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक ली। सभी ने कोरोना से बचाव के लिए इसे कारगर हथियार बताया और हर किसी को मौका मिलते ही बिना किसी भय के टीका लगवाने की अपील की। टीका लगवाने केंद्रों पर पहुंचे कुछ पुलिसकर्मी व स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत के कुछ अंश पेश हैं।
लॉकडाउन के दौरान पुलिस बल ने निरंतर अग्रिम पंक्ति में रहकर कार्य किया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के अलावा, प्रत्येक अधिकारी और जवान ने जरूरतमंद व्यक्तियों को भोजन, प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षित घर वापसी और बुजुर्गों की देखभाल की। सरकार ने सही समय पर वैक्सीन उपलब्ध करा पुलिसकर्मियों को सुरक्षित किया, इसके लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। -दीपक कुमार, डीआईजी/एसएसपी अयोध्या
लॉकडाउन में पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया और पुलिस के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली। हमने भी पूरी तत्परता के साथ व दोगुने जोश से लोगों की सेवा की। जोखिम निश्चित तौर पर था, लेकिन फर्ज को वरीयता देते हुए सभी ने काम किया। अब टीका लगवाकर खुद को भी सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। -पलास बंसल, एएसपी/सीओ सिटी
कोरोना संक्रमण अभी समाज से गया नहीं है। ऐसे में हर किसी का फर्ज है कि इस महामारी के खिलाफ टीकाकरण अभियान में आगे आएं और आने वाले दिनों में टीका अवश्य लगवाएं। साथ ही अन्य को भी जागरूक करें ताकि किसी के मन में टीकाकरण को लेकर भ्रम की स्थिति न रहे। -नवनीत यादव, पीआरओ, एसएसपी
करोना वैक्सीनेशन को लेकर लोग किसी तरीके का भ्रम ना पालें। आज ही मैंने करोना वैक्सीन लगवाई है और पूरे दिन काम किया। किसी प्रकार की कोई भी दिक्कत नहीं हुई है। सरकार ने पुलिसकर्मियों को मौका दिया, इसके लिए हम आभारी हैं। -अशोक सिंह, कोतवाल अयोध्या
संक्रमण काल के भयावह दिनों की तस्वीर आंखों के आगे आज भी है। उन दिनों की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए टीका ही एकमात्र विकल्प है। मैंने भी मौका मिलते ही टीका लगवाया, हर किसी को इसके लिए आगे आना चाहिए। -नीतीश श्रीवास्तव, नगर कोतवाल।
कोरोना जैसी महामारी से समाज ने बहुत कुछ गंवाया है। हम लोगों ने भी जान हथेली पर रखकर अपनी सेवाएं दीं। सरकार ने भी हम लोगों के बारे सोचते हुए मौका दिया, इससे मन गदगद है। हर किसी को टीका लगवाना चाहिए। -सुरेश पांडेय, प्रभारी निरीक्षक, थाना कैंट
वैक्सीन को लेकर कई भ्रांतियां हैं, लेकिन कोरोना महामारी से इसी तरीके से लड़ा जा सकता है। इसी संदेश को देने के लिए चिकित्सक पहले वैक्सीन लगवा रहे हैं। हमने भी टीका लगवाया, किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई। -डॉ. शिवेंद्र सिन्हा, वरिष्ठ फिजीशियन
कोरोना महामारी अभी समुदाय से गई नहीं है। वैज्ञानिकों ने सरकार के सहयोग व अथक परिश्रम से दिन-रात मेहनत करके इसे तैयार किया है। हर किसी को सूची में नाम आते ही टीका लगवाना चाहिए। -डॉ. विनोद कुमार, एनेस्थेसिस्ट, मेडिकल कॉलेज दर्शननगर
कोरोना के साथ लड़ाई में इस वैक्सीन का अहम रोल है। हमने भी इसी आशय से टीका लगवाया है। किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई है। इसलिए हर किसी को अवसर मिलते ही खुद को टीका लगवाकर सुरक्षित करना चाहिए। -डॉ. नेहा अग्रवाल, स्त्री रोग विशेषज्ञ
टीका लगवाने को बाद अब खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इसे लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। हमें टीका लगवाने के बाद किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई। बल्कि मन में संक्रमण को लेकर बैठा डर अब दूर हो गया है। -आराधना गौतम, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री
वैक्सीन लगवाने के बाद कोरोना को लेकर सुरक्षा की भावना उत्पन्न हो गई है। टीका लगने से पहले तमाम अफवाह सुन रहे थे, इसलिए डर लग रहा था, लेकिन टीका लगवाने के बाद कोई दिक्कत महसूस नहीं हुई। -अर्चना
सरकार के सकारात्मक सोच और वैज्ञानिकों के अथक प्रयास से वैक्सीन बनी, जिसको लगवाने के बाद बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। सभी लोग इसके लिए आगे आएं, तभी कोरोना से जंग जीत सकेंगे। -नसीमा