अयोध्या-हनुमानगढ़ी दर्शन करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई प्रह्लाद दामोदरदास मोदी
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई प्रह्लाद दामोदरदास मोदी गुरुवार शाम अयोध्या पहुंचे और रामलला व हनुमानगढ़ी के दरबार में माथा टेका। दर्शन-पूजन के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रह्लाद मोदी ने कहा कि रामलला का दर्शन करने आया हूं। कहा कि किसान देश के गौरव की चिंता करता है, किसान कभी उत्पात नहीं मचा सकता है।
उन्होंने कहा कि रामलला से प्रार्थना है कि आंदोलनकारियों को सद्बुद्घि मिले और सरकार सूझबूझ से इस मामले का निस्तारण कर सके। उन्होंने कहा कि मीडिया में आई रिपोर्ट के अनुसार आंदोलन कर रहे लोग किसान नहीं है। यह बात सरकार और देश की जनता भी मानती है। विरोधी पार्टियों के सह पर कुछ लोग उत्पात कर रहे हैं। सरकार ने उपद्रवियों पर इनाम भी घोषित किया। किसान कभी इस तरह का उपद्रव करेगा यह भारत सरकार व जनता नहीं मानती है। कुछ उत्पाती लोग विदेशी लोगों की बातों में आकर भ्रमित हो गए हैं।