अयोध्या। पुलिस ने लूट की कार व मोबाइल के साथ दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। दोनों लखनऊ से एक कार बुक कराकर अयोध्या लाए थे, जहां रातभर ड्राइवर को बंधक बनाए रखा था।
महराजगंज के थाना प्रभारी वीरेंद्र राय ने बताया कि गांव नारा निवासी आकाश उर्फ गोलू सिंह (18) व आकाश सिंह सोमवार को लखनऊ के एक चालक नरेश पाल से लखनऊ से कार बुक कराकर अपने पैतृक निवास आए। यहां रातभर ड्राइवर बंधक बनाकर रखा। मंगलवार सुबह दोनों अपने कुछ अन्य साथियों के साथ कार व ड्राइवर के साथ शिव बाबा अंबेडकरनगर गए। ड्राइवर के अनुसार, जब वे दर्शन करने गए तो अपने एक साथी को उसके पास खड़ा कर दिया। उसने उनके साथी से गुटखा मांगा। जब वह गुटखा लाने गया तो ड्राइवर गाड़ी लेकर भाग खड़ा हुआ।
एसओ के अनुसार, आरोपियों ने अपने साथियों को फोन पर सूचना देकर उसे पूरा बाजार के पास पकड़कर उसकी कार व मोबाइल छीन लिया। इसके बाद ड्राइवर ने पुलिस को सूचना दी। बताया कि सूचना के बाद सक्रिय हुए पूरा बाजार चौकी प्रभारी अश्विनी प्रताप सिंह व उनकी टीम ने दोनों आरोपियों को सरायरासी ब्रेकर के पास से छीनी गई कार व मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। ड्राइवर की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्जकर चालान कर दिया गया।