फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

24 घंटे बाद खेत में सकुशल मिली तीन वर्षीय अगवा बच्ची

विज्ञापन
अयोध्या-बीकापुर में 3 वर्षीय बालिका को ढ़ुढ़ते पुलिस कर्मी व जमा ग्रामीण - फोटो : FAIZABAD
विज्ञापन
बीकापुर। कोतवाली क्षेत्र के शिव तिवारी का पुरवा तोरोमाफी गांव में रविवार शाम घर से बाहर खेलने गई तीन वर्षीय बच्ची लापता हो गई थी। मामले में पुलिस ने परिवारीजनों की तहरीर पर एक युवक पर अपहरण का केस दर्ज किया था। घटना को लेकर 24 घंटे तक पुलिस हलाकान रही, डॉग स्कवॉयड समेत अन्य पुलिस अधिकारी बच्ची की तलाश में जुटे रहे। अपहरणकर्ता के सोमवार शाम गिरफ्तार होने के बाद उसकी निशानदेही पर गांव के एक खेत में बच्ची सकुशल मिल गई।
विज्ञापन

कोतवाली बीकापुर क्षेत्र के शिव तिवारी का पुरवा तोरोमाफी गांव निवासी बंसराज निषाद की करीब तीन वर्षीय मासूम पुत्री लक्ष्मी अपने चार वर्षीय भाई शुभम के साथ गांव के पास रविवार शाम करीब 5 बजे खेलने गई थी। कुछ देर बाद भाई घर वापस आ गया, लेकिन बालिका घर नहीं लौटी। मासूम भाई शुभम भी कुछ नहीं बता पा रहा था। कुछ देर तक ढूंढने के बाद परिवारीजनों द्वारा सूचना कोतवाली में दी गई।
मामले में पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध अपहरण का केस दर्ज किया था, परिवारीजनों ने पड़ोसी गांव बासुदेवपुर निवासी एक युवक जिलेदार के ऊपर पुत्री को गायब करने की आशंका जताई । रविवार रात भर कोतवाली पुलिस फोर्स और ग्रामीण गांव के आसपास कई किलोमीटर के दायरे में गन्ने के खेत, जंगल और बागों में बालिका को ढूंढते रहे। दूसरे दिन सोमवार अपराह्न तीन बजे तक उसका कोई पता नहीं मिल सका।
विज्ञापन

अपराध शाखा के फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंचकर बच्ची की तलाश में जुटी रही। पुलिस ने सोमवार शाम आरोपी जिलेदार को गिरफ्तार किया तो उसने बच्ची का अपहरण कर उसे खेत में रखने की बात कही। उसकी निशानदेही पर पुलिस को गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक खेत में बच्ची सकुशल मिल गई। वहीं, इस भीषण ठंड में 24 घंटे तक खुले आसमान के नीचे खेत में रहने के बावजूद बच्ची के सकुशल मिलने पर लोग इसे चमत्कार मान रहे हैं।
कोतवाल दीपेंद्र सिंह ने बताया कि अपहरणकर्ता को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। कानूनी कार्रवाई करने के बाद बच्ची को परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। बताया कि आरोपी युवक बच्ची के घर आता जाता रहा है, वह नशेड़ी भी है। उसका कहना है कि बच्ची के परिवारीजनों को डराने के लिए उसने ऐसा किया। बताया कि बच्ची एकदम ठीक है, फिर भी उसका मेडिकल कराया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें