अयोध्या। रामनगरी में शुक्रवार शाम देश के प्रख्यात कवि हिन्दी साहित्य व भारतीय लोक संस्कृति के संगम को अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजयेपी को समर्पित यह अखिल भारतीय कवि सम्मेलन उनकी जयंती 25 दिसंबर की शाम को आयोजित होगी। श्री अयोध्या न्यास के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के आयोजक सांसद लल्लू सिंह है।
कवि सम्मेलन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। कार्यक्रम में आमंत्रित कवियों में डॉ. विष्णु सक्सेना, विनीत चौहान, डॉ. कीर्ति काले, चिराग जैन, अमन अक्षर, अनिल चौबे, प्रियांशु गजेंद्र, अंकिता सिंह शामिल है। सम्मेलन के मुख्य अतिथि डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह होंगे। सायं सात बजे विवेकानंद सभागार कार्यक्रम का आयोजन होगा। जिले के विशिष्ट व प्रबुद्ध जनों को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया।
अयोध्या के महंतों व संतों को विशेष रुप से कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया। सांसद लल्लू सिंह ने बताया कि अटल जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में कविताओं व साहित्य की प्रज्ज्वलित रश्मि के माध्यम से दी जाएगी। कहा कि वह एक कुशल राजनीतिज्ञ के साथ प्रखर वक्ता, कवि, पत्रकार व साहित्यकार भी थे। उनकी रचनाएं युवाओं के लिए प्रेरणाश्रोत का कार्य करती है। इसका अध्ययन व्यक्ति के भीतर शौर्य व पराक्रम का संचार कर देता है।
सुशासन दिवस के रूप में भाजपा मनाएगी अटलजी का जन्मदिन
पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर को भाजपा सुशासन दिवस के रुप मनाएगी। जनपद के हर ब्लाक में किसान सम्मेलन व संवाद का आयोजन किया गया है। पार्टी की महानगर इकाई द्वारा पूरा ब्लाक में आयोजित कार्यक्रम को दिन में 12 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल रुप से संबोधित करेंगे। महानगर जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने बताया कि किसानों उत्थान के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं की श्रंखलाएं अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने दी थी।
जिसको आगे बढ़ाते हुए नरेंद्र मोदी की सरकार ने अंतिम व्यक्ति तथा योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ पहुंचाया। योजनाओं के माध्यम से कृषि को आधुनिक व लाभकारी बनाया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता होंगे। इसके लिए पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. बांके बिहारी मणि त्रिपाठी, शारदा यादव, नंद कुमार सिंह, रणधीर सिंह डब्लू, लक्ष्मण वर्मा, अरविंद सिंह, हरभजन गौड़, परमानंद मिश्रा को जिम्मेदारियां सौंपी गई है।