अयोध्या। मसौधा चीनी मिल ने शासन के निर्देशानुसार वर्तमान पेराई सत्र में क्रए किए गए गन्ने का भुगतान शुरू कर दिया है। बीते एक दिसंबर को 6.49 करोड़ की भुगतान शीट जारी किया है, इससे क्षेत्र के किसानों ने हर्ष जताया है।
बीते 27 नवंबर को मसौधा चीनी मिल में पेराई सत्र शुरू हुआ है। चीनी मिल ने अब तक 12 लाख कुंतल गन्ने की खरीद करके 11.93 लाख कुंतल गन्ना पेराई किया है। नियमानुसार गन्ना क्रय करने के चौदह दिन बाद ही गन्ने का भुगतान किया जाना चाहिए, जिसका चीनी मिल अभी तक अनुपालन कर रही है। 14 दिन पूर्व तक क्रय किए गए गन्ने का 4.86 करोड़ भुगतान किसानों का बनता है, जिसके सापेक्ष बीते एक दिसंबर को चीनी मिल ने 6.49 करोड़ का भुगतान किया है।
चीनी मिल के वरिष्ठ महाप्रबंधक गन्ना डॉ एके त्रिपाठी ने बताया कि इस बार सब कुछ ठीक रहा तो किसानों को समय से संपूर्ण गन्ने का भुगतान किया जाएगा। वहीं, रौजागांव चीनी मिल भुगतान के मामले में अभी भी फिसड्डी साबित हो रही है। इस चीनी मिल पर 14 दिन पूर्व तक क्रय किए गए गन्ने का 7.29 करोड़ रुपए बनता है, जिसके सापेक्ष अभी तक चीनी मिल ने भुगतान नहीं शुरू किया है। जिला गन्ना अधिकारी एपी सिंह ने बताया कि समयानुसार भुगतान कराने के लिए चीनी मिलों को निर्देशित किया गया है। मसौधा चीनी मिल ने भुगतान शुरू भी कर दिया है, रौजागांव चीनी मिल को भी भुगतान के लिए निर्देशित किया गया है।