अयोध्या। मिक्सोपैथी के खिलाफ हड़ताल कर रहे चिकित्सकों ने शुक्रवार को आईएमए के अध्यक्ष डॉ अफरोज के नेतृत्व में पैदल मार्च निकाला। इसके उपरांत जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इस व्यवस्था का विरोध जताया।
आईएमए के पदाधिकारी व निजी चिकित्सक शुक्रवार को शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर अस्पतालों में हड़ताल करने के उपरांत करीब दस बजे सिविल लाइन स्थित गांधी पार्क में एकत्र हुए। यहां से पैदल मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मिक्सोपैथी का विरोध जताया। इसके बाद चिकित्सक पैदल मार्च करते हुए चौक स्थित शहीद पार्क पहुंचे और विरोध जताया। दोपहर तक पुन: चौक, रिकाबगंज होते हुए गांधी पार्क पहुंचे और धरना समाप्त किया गया।
अध्यक्ष डॉ. अफरोज ने कहा कि भारतवर्ष में 95 प्रतिशत मरीज आधुनिक चिकित्सा पद्धति से इलाज कराते हैं। सभी चिकित्सा पद्धतियों को स्वतंत्र रूप से पूर्ण वैज्ञानिक तरीके से विकसित करना चाहिए। मिक्सोपैथी के कारण देश में चिकित्सकों की गुणवत्ता कम हो जाएगी एवं चिकित्सा स्तर में काफी गिरावट आएगी। गुणवत्ता कम होने से विदेशों में चिकित्सकों की मांग कम हो जाएगी एवं विदेशों से मरीज इलाज कराने भारत नहीं आएंगे।
चिकित्सकों ने मांग किया कि मिक्सोपेथी को लागू न किया जाए एवं हर विधा को स्वतंत्र रूप से वैज्ञानिक तरीके से विकसति किया जाए। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष डॉ. एसएम द्विवेदी, डॉ. एसएच मेंहदी, डॉ. शिशिर वर्मा, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. गौरव श्रीवास्तव, डॉ. केएन कौशल, डॉ संजय कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।