अयोध्या। सीरियल ब्लास्ट की तेरहवीं बरसी पर अधिवक्ताओं ने घटना में दिवंगत हुए अधिवक्ता, स्टांप वेंडर, मुंशी तथा वादकरी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। घटना में अधिवक्ता पंडित राधिका प्रसाद मिश्र, मुंशी फागूराम, केसरी प्रसाद तथा ओम प्रकाश पांडेय की मौत हो गई थी तथा दो दर्जन लोग घायल हो गए थे। इसकी एफआईआर तत्कालीन मंत्री मंसूरी इलाही ने अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कराई थी।
एटीएस ने विवेचना के बाद मामले में सज्जाद उर रहमान, कासमी मोहम्मद अख्तर उर्फ तारिक व खालिद मुजाहिद के खिलाफ आरोप पत्र प्रस्तुत किया था। दौरान मुकदमा आरोपी खालिद मुजाहिद की मौत हो गई थी। सुनवाई के बाद एडीजे प्रथम की कोर्ट ने सज्जादुररहमान को दोषमुक्त किया था तथा अन्य दोनों को आजीवन कठोर कारावास की सजा सुनाई थी।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद त्रिपाठी द्वारा स्मारक बनाए जाने की मांग को स्वीकार करते हुए श्रद्धांजलि प्रकट करते हुए कहा कि पंडित राधिका प्रसाद एक सच्चे, कर्मठ, ईमानदार और ऊर्जा से भरे हुए व्यक्तित्व थे। उन्हीं की प्रेरणा से निश्चित रूप से हम सबको ऊर्जा मिलती है । इस अवसर पर श्रद्धांजलि देने वाले अन्य अधिवक्ताओं में प्रमुख रूप से अजय दुबे उपाध्यक्ष, धनुष जी श्रीवास्तव मंत्री, अधिवक्ता मनीष पांडेय, अधिवक्ता राजीव शुक्ला, पूर्व मंत्री आलोक खरे, नवीन मिश्रा, अजय वर्मा, विश्वनाथ तिवारी, चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, जीतेंद्र प्रसाद पाठक, जगतपाल यादव, राकेश वैद्य, प्रमोद साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।