रौजागांव। बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड यूनिट रौजागांव ने अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के अगले दिन ही पिछले पेराई सत्र में खरीदे गए गन्ने के लंबित 16.88 करोड़ बकाए में से 9.98 करोड़ का भुगतान कर दिया है। इससे क्षेत्र के प्रभावित किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मालूम हो कि वर्तमान समय में चीनी मिलें नए पेराई सत्र की तैयारियां कर रही हैं। दोनों चीन मिलों में इंडेंट भी प्रेषित किए जा चुके हैं। क्रयकेंद्रों की स्थापना भी हो चुकी है, लेकिन पिछले पेराई सत्र में ही खरीदे गए किसानों के गन्ने का भुगतान नहीं किया गया। जबकि नियमानुसार गन्ना खरीदने के चौदह दिन के भीतर ही संपूर्ण भुगतान किया जाना था। मसौधा चीनी मिल ने पेराई सत्र शुरू होने से थोड़ा पहले संपूर्ण भुगतान कर दिया, लेकिन रौजागांव चीनी मिल का भुगतान लंबित था।
रविवार को अमर उजाला ने ‘रौजागांव मिल पर 16.88 करोड़ बकाया’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इस पर गंभीरता से अमल करते हुए मिल प्रशासन ने सोमवार को ही लंबित भुगतान में से 9.98 करोड़ का भुगतान कर दिया है। इससे क्षेत्र के किसानों को सहूलियत मिलने के आसार हैं। रौजागांव चीनी मिल के यूनिट हेड निष्काम गुप्ता ने बताया कि लंबित भुगतान में से 9.98 करोड़ का भुगतान किया गया है। इसकी शीट भी संबंधित बैंकों में भेज दी गई है। शीघ्र ही किसानों के खातों में धनराशि पहुंच जाएगी।