पटरंगा। लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर रानीमऊ चौराहे के पास एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने एक धान लदी पिकअप में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप नीचे पटरी पर जाकर पलट गई और चालक उसी के नीचे दब गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चालक को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिनी ट्रक व चालक को हिरासत में ले लिया है।
पटरंगा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर बैंक ऑफ बड़ौदा के बगल एक राइस मिल हैं। रविवार को धान लदी एक पिकअप मिल के अंदर जाने के लिए मुड़ रही थी, इस दौरान एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने पीछे से उसमें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप पलट गई और चालक उसके नीचे दब गया। सूचना पर पहुंचे पटरंगा थाना प्रभारी अशोक सिंह ने अपनी टीम व ग्रामीणों की मदद से पिकअप में लदे धान की बोरियों को बाहर निकलवाकर वाहन को सीधा किया और किसी तरह उसमें फंसे चालक को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक चालक की पहचान जयराम गुप्ता (45) पुत्र कांशीराम गुप्ता निवासी बहबर नगर थाना मवई जनपद अयोध्या के रूप में हुई। पटरंगा थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मिनी ट्रक के चालक हरिशंकर निवासी उन्नाव को हिरासत में लेकर इलाज के लिए सीएचसी मवई भेजवाया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के परिवारीजनों की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।
डीसीएम में घुसी पिकअप, चालक घायल
भेलसर। रुदौली कोतवाली के भेलसर पुलिस चौकी अंतर्गत शनिवार रात राष्ट्रीय मार्ग पर भेलसर ओवरब्रिज के निकट एक डीसीएम में तेज रफ्तार से आ रही पिकअप में पीछे से जा घुसी। हादसे में पिकअप दुग्ध वाहन के चालक अनिल कुमार यादव निवासी ग्राम भगेला थाना सफदरगंज घायल हो गया। जबकि डीसीएम चालक राम देव ग्राम अलीनगर थाना कृष्णानगर लखनऊ निवासी बाल-बाल बच गए।