मवई। सैदपुर चौकी क्षेत्र के लोहटी सरैया गांव में आबादी की भूमि को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस दोनों पक्षों के चार लोगों को थाने पकड़ लाई और चारों का शांति भंग कि धारा में चालान कर दिया।
सैदपुर चौकी प्रभारी मनोज कुमार प्रजापति के मुताबिक लोहटी सरैया गांव निवासी मंशा राम और गजाधर प्रसाद गांव में पड़ी बंजर कि भूमि पर घूर लगाते हैं और अधिक जमीन कब्जा करने के चक्कर में आए दिन दोनों में विवाद होता है। उन्होंने बताया कि उसी जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दोनों पक्षों में फिर विवाद हो गया। और विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष फौजदारी पर अमादा हो गए।
यह देख किसी ग्रामीण ने मामले की सूचना डायल 112 पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पीआरवी पुलिस दोनों पक्षों के दो-दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने पकड़ लाई और उन्हें मवई पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मवई थाने के प्रभारी निरीक्षक राम किशन राना ने बताया कि एक पक्ष के मंशा राम, आशा राम पुत्रगण जगजीवन व द्वितीय पक्ष के आदेश पुत्र गंगा राम व गंगा राम पुत्र गजाधर का शांति भंग कि धारा में चालान किया गया है।