अयोध्या। दीपोत्सव समारोह को लेकर शुक्रवार को अयोध्या छावनी में तब्दील रही। बाहरी व्यक्तियों व वाहनों को अयोध्या में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। वहीं, मुख्य कार्यक्रम स्थल वाले इलाके नयाघाट में पासधारक लोगों के अलावा किसी को आने जाने नहीं दिया गया। पूरी अयोध्या में चप्पे-चप्पे पर एटीएस, सीआरपीएफ, पीएसी व पुलिस के जवान तैनात रहे तो सादी वर्दी में भी जवान लोगों पर निगाह रखे रहे। मुख्य कार्यक्रम स्थल एटीएस व अर्धसैनिक बलों के हवाले रहा। वहीं इस बार सुरक्षा में तैनात अधिकारी व कर्मियों ने पर्व के चलते स्थानीय लोगों की सुविधाओं का ख्याल रखा, और पहचान पत्र दिखाकर उन्हें आने जाने दिया गया।
प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री की मौजूदगी में आयोजित दीपोत्सव समारोह व हनुमान जयंती-दीपावली पर्व को लेकर शुक्रवार को अयोध्या की सुरक्षा सख्त रही। मुख्य समारोह स्थल राम कथा पार्क, सरयू तट व राम की पैड़ी एटीएस, अर्धसैनिक बलों के हवाले रहा, यहां पर सीआरपीएफ, आरएएफ व पीएसी बल की दो कंपनियां तैनात की गई थी। सुरक्षा की कमान आईजी संजीव गुप्ता व डीआईजी/एसएसपी दीपक कुमार ने स्वयं संभाल रखी थी।
उनके साथ एसपी सिटी विजयपाल सिंह, सीओ सिटी निपुण अग्रवाल, सीओ अयोध्या राजेश राय व गैर जनपद से आए एएसपी व डीएसपी भी पल-पल की खबर लेते दिखे। वहीं, साकेत महाविद्यालय से निकली शोभायात्रा भी सुरक्षा के कड़े घेरे में रही, इसके लिए टेढ़ी बाजार से नयाघाट तक सड़क के दोनों किनारों पर सुरक्षा बल तैनात किए थे। साथ ही प्रत्येक झांकियों के साथ महिला व पुरुष सुरक्षाकर्मियों को लगाया गया था।
वहीं, अयोध्या के प्रवेश के मुख्य 13 स्थानों पर लगे बैरियर पर पुलिस सख्त नजर आई, यहां से किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। मुख्य कार्यक्रम आयोजन स्थल नयाघाट इलाके में सिर्फ पासधारक लोगों को ही जाने की अनुमति थी। उदया चौराहा, टेढ़ी बाजार, श्रीराम अस्पताल आदि बैरियर पर सुरक्षाकर्मी मुस्तैद दिखाई दिए।
डीआईजी/एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि सुरक्षा के लिए 10 अपर पुलिस अधीक्षक, 30 पुलिस उपाधीक्षक, 30 निरीक्षक, 250 उप निरीक्षकों के साथ 10 कंपनी सीआरपीएफ, आरएएफ व पीएसी बल विभिन्न स्थानों पर तैनात किए गए थे। इसके अलावा खुफिया पुलिस व महिला-पुरुष पुलिसकर्मी भी सादी वर्दी में लोगों पर निगाह रखे हुए थे। बताया कि मुख्य समारोह स्थल पर ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही थी। इसके अलावा आयोजन स्थल व मुख्य मार्ग पर डेढ़ दर्जन स्थानों पर लगे सीसीटीवी के माध्यम से निगाह रखी गई।
दीपावली पर्व के चलते रखा लोगों की सुविधाओं का ख्याल
सख्त सुरक्षा इंतजाम व कोविड प्रोटोकाल के चलते स्थानीय लोगों को कोई असुविधा न हो, इसका पूरा ख्याल रखा गया। अयोध्यावासियों के आने जाने पर रोक टोक नहीं की गई, इसके चलते लोगों ने शोभायात्रा का दर्शन भी किया व खरीदारी भी की। दीपावली को लेकर लगने वाली दुकानें भी पूर्ववत लगी रहीं। दीप पर्व से संबंधित अयोध्या के राजसदन के सामने लगने वाली दुकानें खुली रही, यहां लोगों की भीड़ दिखाई दी।