अयोध्या। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन बुधवार को चहुंओर स्कंदमाता के मंत्रोच्चार और जयकारे के स्वर गूंजते रहे। शक्तिपीठों के साथ अन्य देवी मंदिर जयघोष के साथ ही घंटे-घड़ियाल और तालियां गूंजती रही। मंदिरों में कोविड प्रोटोकाल का पालन किया जा रहा है।
नगर में बड़ी देवकाली, गुप्तारघाट में मणि माता मंदिर, जालपा देवी, शीतला माता मंदिर, अयोध्या में प्रसिद्ध छोटी देवकाली मंदिर, चौक में हट्ठी महारानी मंदिर जैसी सिद्धपीठों में नवरात्र के प्रथम दिवस से ही शुरू पूजापाठ से चहल पहल बनी हुई है। कामाख्या मंदिर रूदौली, फतेहपुर कमासिन में दर्शन पूजन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है।
मां दुर्गा के विभिन्न अवतारों की दिन प्रतिदिन पूजा अर्चना कर मां के श्रद्धालु पुण्य लाभ कमा रहे है। वहीं अयोध्या की छोटी व फैजाबाद की बड़ी देवकाली मंदिर में दिन भर भक्तों का तांता लगा रहता है।
वहीं शहर के सभी मंदिरों में कोविड प्रोटोकाल का पालन किया जा रहा है। बिना मास्क लगाकर आने वाले श्रद्धालुओं को मास्क पहनने के बाद ही दर्शन की अनुमति दी जा रही है।
गर्भगृह तक पांच-पांच की संख्या में श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जा रहा है। सुरक्षा को लेकर सभी देवी मंदिरों पर पुलिस व महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। सीओ सिटी ने बताया कि पुलिस व प्रशासन के अधिकारी प्रतिदिन मंदिरों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं।