मया बाजार। महराजगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में एक सप्ताह पहले बालिका के संग छेड़छाड़ व लूटपाट की वारदात को पुलिस ने चोरी की धारा में दर्ज किया। इससे क्षुब्ध मां ने डीआईजी-एसएसपी से मिलकर शिकायत की है।
शिकायती पत्र में कहा कि बीते 12 अक्तूबर की दोपहर में वह अपने पुत्र के साथ बाजार गई थी, घर में स्थित दुकान व मकान में उसकी 12 वर्षीय पुत्री अकेली थी। इसी बीच एक व्यक्ति गमछे से चेहरा छुपाकर आया और सिगरेट मांगा। बालिका जैसे ही सिगरेट देने के लिए मुड़ी तो उसने दुकान में घुसकर उसे दबोच लिया और घर के अंदर खींच लिया। उसके संग छेड़खानी की।
बाद में उसे कुछ नशीला पाउडर सूंघाकर बेहोश कर दिया और उसके हाथ पैर बांधकर घर के अंदर से अंगूठी,कान की बाली व अन्य जेवरात लूट ले गए। बाजार से घर वापस आने पर उसे प्रकरण की जानकारी हुई। इस पर महराजगंज थाने गई, जहां पुलिस ने बोलकर मनमाफिक तहरीर लिखाकर चोरी व संपत्ति की क्षति की धारा में मुकदमा दर्ज किया।
इस मामले में एसएसपी ने जांच कराकर पीड़िता को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष महराजगंज विजय सोनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर उसी दिन पीड़िता का मुकदमा लिखा गया था, पीड़ित बालिका थाने नहीं आई थी, जिससे उसका चिकित्सीय परीक्षण नहीं हो पाया। मामले की विवेचना चल रही है। बयान व जांच के बाद जो सही होगा, धाराएं बढ़ाई जाएगी।