अयोध्या। डीआईजी दीपक कुमार ने सोमवार को थाना पूराकलंदर व कोतवाली अयोध्या का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पूराकलंदर थानाध्यक्ष कार्यालय का उद्घाटन करने के साथ ही महिलाओं की सहायता के लिए शुरू की गई महिला हेल्प डेस्क को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
डीआईजी दीपक कुमार ने पूराकलंदर थाना व अयोध्या कोतवाली के औचक निरीक्षण के दौरान आगंतुकों व पुलिसकर्मियों को कोविड-19 संक्रमण से बचाव की जानकारी देने के लिए स्थापित कोविड-19 केयर हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने सैनिटाइजेशन कार्य का अवलोकन किया। तदोपरांत परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर, बैरक, हवालात, मालखाना, मेस, कार्यालय का भ्रमण करते हुए शस्त्रों की सफाई और रखरखाव का जायजा लिया।
थाने के अभिलेखों में रजिस्टर नंबर आठ, हिस्ट्रीशीट रजिस्टर, टॉप टेन अपराधी रजिस्टर आदि के साथ ही लंबित विवेचनाओं व लंबित शिकायती पत्र की जांच और वांछित अभियुक्तों के संबंध में गहराई से समीक्षा की।
कोरोना के दृष्टिगत ग्राम निगरानी समिति के कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कोरोना से बचाव हेतु समस्त सुरक्षा उपकरणों को धारण कर ड्यूटी करने व पौष्टिक आहार का सेवन करने हेतु पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया।
इस दौरान सीओ अयोध्या राजेश कुमार राय, थानाध्यक्ष पूराकलंदर व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अयोध्या मौजूद रहे।