अयोध्या। भाजपा महानगर के करिअप्पा मंडल के प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन पांच सत्रों में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। प्रथम सत्र में भाजपा के वरिष्ठ नेता अवधेश द्विवेदी ने कार्य पद्धति एवं संगठनात्मक संरचना पर हमारी भूमिका पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा बिना भेदभाव के सभी को साथ लेकर चलती है। पार्टी के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है। हम एक परिवार की भांति एक दूसरे के साथ मिलजुल कर रहते है। जो हमारी शक्ति का परिचायक है।
द्वितीय सत्र में आज के भारत की वैचारिक मुख्यधारा हमारी विचारधारा विषय पर बोलते हुए हरगोविंद जी ने कहा कि सवे भवन्तु सुखिन: भाव हमारे भीतर समाहित है। पार्टी के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है। तृतीय सत्र में व्यक्तिगत विकास पर संजय सिंह ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अनुशासित व वैचारिक रुप से प्रबल होता है। अपने अच्छे कार्यों की वजह से समाज में पथ प्रदर्शक की भूमिका में रहता है। चतुर्थ सत्र में भारतीय जनता पार्टी एवं हमारा दायित्व पर बोलते हुए रंजन शर्मा ने कहा कि हमारा कर्तव्य है कि हम पार्टी द्वारा दी गयी जिम्मेदारियों का निर्वहन अपनी पूरी शक्ति व सामर्थ्य के अनुसार अनुशासन में रहते हुए करें।
पंचम सत्र में सुरक्षा सामर्थ्य के साथ आत्मनिर्भर भारत का संकल्प विषय पर बोलते हुए केके मिश्रा ने कहा कि कोरोना काल में भी आज भारत आत्मनिर्भरता की राह पर तेजी से चल रहा है। लघु तथा कुटीर उद्योगों सरकार द्वारा घोषित राहत पैकेज से गतिशील अवस्था को प्राप्त कर रहे हैं।
समापन अवसर पर अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए महानगर जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अनुशासन में रहते हुए पार्टी की नीतियों व विचारों को आत्मसात करता है। गरीबों व किसानों के चेहरे पर खुशी का भाव लाना हमारी प्राथमिकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रवि सोनकर व संचालन विश्व प्रकाश रुपन ने किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक जिला उपाध्यक्ष अरविंद सिंह, सहकारी बैंक के सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह टिल्लू, कमलेश श्रीवास्तव, रामकुमार सिंह राजू, परमानंद मिश्रा, प्रतीक श्रीवास्तव, स्मृता वितारी, पुष्पा मिश्रा, बुद्धिपाल, गणेश गुप्ता, डा अंशुमान मित्रा तथा मंडल के सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे।