अयोध्या। लंबे संघर्ष के बाद शुक्रवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में नियुक्ति पत्र पाने के बाद नवनियुक्त शिक्षक उत्साह से लबरेज दिखे। वर्षों के अधूरे सपने के साकार होने पर शिक्षकों के खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
इसके लिए उन्होंने योगी सरकार का आभार जताया एवं कठिन परिश्रम से बेसिक शिक्षा की बुनियाद को मजबूत करने का संकल्प भी लिया।
परिषदीय स्कूलों में 69 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया जून माह में शुरू हुई थी। मामला विवादों के घेरे में आने के कारण न्यायालय द्वारा काउंसलिंग पर रोक लगा दिया गया था। इस भर्ती प्रक्रिया में जिले को 880 शिक्षक मिलने थे।
जिस पर राज्य सरकार को हाईकोर्ट की डबल बेंच से राहत मिल गई। लेकिन सुप्रीम कोर्ट द्वारा शिक्षामित्रों के लिए 37 हजार पदों को आरक्षित करने का आदेश जारी करते हुए शेष पदों पर भर्ती करने के लिए अंतरिम आदेश पारित किया गया। जिसके बाद सरकार की ओर से 31661 शिक्षकों की भर्ती के लिए सूची जारी किया। जिसमें जिले के खाते में 740 शिक्षक आए, जिनकी काउंसलिंग में 697 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया था।
इन्हें नियुक्ति पत्र वितरित करने के लिए शुक्रवार को जीजीआईसी में बुलाया गया था। इनमें से 682 लोगों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। जबकि कागजात सत्यापन के दौरान विसंगति मिलने पर 15 लोगों को प्रतीक्षा में रखा गया है।
सुबह से ही अभ्यर्थी अभिभावकों के साथ जीजीआईसी पहुंचने लगे। दोपहर बाद जिले के प्रभारी मंत्री नीलकंठ तिवारी ने समारोहपूर्वक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया तो उनके खुशी का ठिकाना नहीं रहा। खुशी के जश्न में डूबे शिक्षक जीजीआईसी परिसर में बने सेल्फी प्वाइंट पर खूब सेल्फी खींचे और इस पल को स्वर्णिम एवं यादगार पल बताया।
साथ ही योगी सरकार को इसके लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बेसिक शिक्षा की नींव को मजबूत करने व बच्चों के भविष्य को दृढ़ता से संवारने का संकल्प लिया।
बोले शिक्षक...
फोटो-46
कड़ी मशक्कत के बाद कैरियर को नई दिशा मिली। सरकार के प्रयास से आज वह दिन भी आया, जब भविष्य को लेकर थोड़ी निश्चिंतता हुई।
- वसुधा तिवारी
फोटो-47
समायोजन निरस्त होने के बाद शिक्षक बनने के लिए बहुत बड़ी चुनौती थी, लेकिन परिवार के सहयोग से शिक्षिका बनने का सपना पूरा हुआ। सरकार की इस सकारात्मक पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार है।
- कंचन सिंह
फोटो-48
संघर्ष लंबा था। विचारों में उतार-चढ़ाव लगातार चल रहा था। व्यवस्था से जो उम्मीद की थी, वह पूरी हुई। आज नियुक्ति पत्र प्राप्त कर लगा कि संघर्ष सफल रहा।
- स्मृति सिंह
फोटो-49
माता-पिता व गुरुजनों के आशीर्वाद से वर्तमान सरकार के सकारात्मक पहल से नियुक्ति पत्र प्राप्त करके हृदय प्रसन्नचित है। सरकार के तय मानकों के अनुरूप कंधे से कंधा मिलाकर बेसिक शिक्षा को नई ऊंचाईयों पर ले जाने का प्रयास करेंगे।
- अर्पित मिश्रा
फोटो-50
लगभग दो वर्षों के संघर्ष के पश्चात योगीजी के जीवट संकल्प के कारण नियुक्ति प्राप्ति की बेहद खुशी है। सरकार के के दृढ़ संकल्प के अनुसार बेसिक शिक्षा के उत्थान के लिए अनवरत प्रयास करेंगे।
- रवि पांडेय
फोटो-51
एक बार तो लगा था कि मौका मिलते-मिलते हाथ से निकल जाएगा। लेकिन सभी के प्रयास व सरकार के कार्रवाई से अब जीवन पटरी पर आने की संभावना है।
- दिनेश कुमार सिंह
इनसेट..
प्रचंड धूप में बेहाल रहे शिक्षक
फोटो-32 से 35
नियुक्ति पत्र वितरण के लिए प्रभारी मंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक व्यवस्थाएं तो चाक-चौबंद रहीं, लेकिन मंत्री के हाथ से नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले 25 व अन्य तीन सौ अभ्यर्थियों को खुले मैदान में प्रचंड धूप में बैठा दिया गया। पंडाल का इंतजाम न होने से भीषण धूप में अभ्यर्थी बेहाल हो उठे। हालांकि, सभी को सैनिटाइजेशन व थर्मल स्कैनर से तापमान मापने के बाद ही अंदर प्रवेश दिया गया, लेकिन कड़ाके की धूप ने लोगों की हालत खराब कर दी।