भेलसर। रुदौली कोतवाली की भेलसर चौकी अंतर्गत ग्राम भेलसर में स्थित राम जानकी मंदिर में लाउडस्पीकर बजाने को लेकर विवाद हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, गांव के अंतिम छोर पर स्थित इस मंदिर में कई दिनों से शाम को पूजा अर्चना होती आ रही है। जहां दर्जनों श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए मंदिर आते हैं। इस दौरान मंदिर में लाउडस्पीकर भी बजाया जाता है। गुरुवार की शाम लगभग 6 बजे गांव के ही दूसरे समुदाय के दो लोगों ने बज रहे लाउडस्पीकर का विरोध किया।
इस बात को लेकर दोनों समुदायों के बीच झड़प के दौरान मारपीट होने लगी। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीओ डॉ. धर्मेंद्र यादव, कोतवाली प्रभारी कृष्णकांत यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को समझाकर मामला शांत करा दिया। लेकिन कुछ लोग कार्यवाई पर अड़े रहे, जिसके बाद मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों युवक दो दिनों से मंदिर परिसर में आकर लाउडस्पीकर बजाने को लेकर गाली गलौज कर लाउडस्पीकर की आवाज बंद करते की बात कहते थे। भेलसर चौकी प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि विजय कुमार रावत की तहरीर पर गांव के ही शानू व जान मोहम्मद के खिलाफ एससीएसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।