पीएम मोदी के हाथों बुधवार को श्रीरामजन्मभूमि मंदिर निर्माण के नींव पूजन के साथ ही रामनगरी में आधुनिक अयोध्या की तस्वीर भी झलकने लगी है। अयोध्या राममंदिर के साथ-साथ विकास की उम्मीद में उत्साहित है। अयोध्या वासियों ने कहा कि जैसे-जैसे राममंदिर का निर्माण होगा अयोध्या भी निखर कर सामने आएगी।
लोगों को उम्मीद है कि नई अयोध्या गरिमा के अनुकूल होगी तो विकास के नए आयाम भी स्थापित करेगी। अयोध्यावासी चाहते हैं कि अयोध्या धार्मिकता का केंद्र तो बने ही साथ-साथ पर्यटन एवं रोजगार का भी नया केंद्र बनकर उभरे।
आंजनेय सेवा संस्थान के अध्यक्ष महंत शशिकांत दास कहते हैं कि अब अयोध्या का नए सिरे से राज्याभिषेक होगा। अब वह दिन दूर नहीं जब अयोध्या राममंदिर निर्माण के साथ ही पूरे विश्व का मार्गदर्शन करने का काम करेगी। संत रामभूषण दास कृपालु महाराज के चेहरे पर संतोष झलक रहा था। कहा कि राममंदिर निर्माण अयोध्या के पुनर्स्थापना का कारक बनने जा रहा है।
पर्यटन और रोजगार से युक्त होगी नगरी...
आगे की अयोध्या धर्म, अध्यात्म, वैभव, पर्यटन एवं रोजगार से युक्त होगी। अब अयोध्या विवाद के लिए नहीं बल्कि विकास के लिए जानी जाएगी। संत एमबीदास कहते हैं कि पीएम मोदी ने अयोध्या आकर हम सभी की बहुप्रतीक्षित आस पूरी कर दी है।
अब अयोध्या के भी अच्छे दिन आने वाले हैं। डॉ. आनंद उपाध्याय कहते हैं कि हमारी आंखों में हमेशा अयोध्या के विकास का स्वप्न तैरता रहता है। विवाद ने अयोध्या को काफी पीछे कर दिया था। न सिर्फ सदियों की आस पूरी होने जा रहा है बल्कि का अयोध्या का वैभव भी पुन: स्थापित होगा।