सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या के प्रसिद्ध चैत्र रामनवमी मेले की तैयारी देखने आ सकते हैं। बुधवार शाम साढ़े सात के बाद प्रशासन के पास शासन से संदेश आया कि मुख्यमंत्री जल्द ही अयोध्या अा सकते हैं। व मेले को भव्य बनाने के लिए की जा रही तैयारियों का औचक जायजा ले सकते हैं।
इसके बाद प्रशासन चौकन्ना हो गया है। मेला क्षेत्र की सफाई के लिए सफाई कर्मियों की पूरी फौज उतार दी गई है। रात से ही सड़कें बनाई जा रही हैं। वरिष्ठ अफसरों को तैयारी की मानीटरिंग के लिए अयोध्या में लगा दिया गया है। गुरुवार पूरे दिन हलचल का माहौल रहा। सीएम के आने के मद्देनजर अयोध्या के साथ ही जिले में भी तैयारी हो रही है।
मुख्यमंत्री 25 मार्च को गोरखपुर जाने वाले हैं। माना जा रहा है कि इस दौरान वह अगले दिन लौटते वक्त अयोध्या पहुंचेेंगे। उनका फोकस भी अयोध्या पर ही है। इसका संदेश विधायक वेद प्रकाश गुप्ता से बातचीत में भी दिया था, मुख्यमंत्री ने उन्हें मेला तैयारी में जुटने व कैंप करने को कहा, साथ ही डीएम को फोन पर भी कड़ा संदेश दिया है कि मेले की तैयारी में कोई लापरवाही न हो।
बुधवार शाम साढ़े सात के बाद प्रशासन के पास शासन से संदेश आया कि मुख्यमंत्री जल्द ही अयोध्या जा सकते हैं। व मेले को भव्य बनाने के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा ले सकते हैं। इसके बाद प्रशासन ने तगड़ी व्यवस्था शुरू कर दी है।
बुधवार को रात ही अयोध्या नया घाट के ढलान की सड़क को बनवाने के लिए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में काम शुरू कराया गया। गुरुवार को भी यहां कार्य होता रहा। साथ ही पंचायत राज विभाग और नगर पालिका के सफाई कर्मियों को मेला क्षेत्र की सफाई के लिए उतार दिया गया।
बताया गया कि 13 सेक्टरों में बांटकर पंचायत के ही लगभग छह सौ सफाईकर्मियों को उतारा गया है। इनको राम की पैड़ी, हनुमानगढ़ी, नागेश्वरनाथ, छोटी छावनी के साथ ही घाटों पर लगाया गया है। राम की पैड़ी के मलबा और गंदगी को हटाने का काम शुरू हो गया है।
हालांकि यह काम बहुत आसान नहीं है। यहां लगभग 180 कर्मी लगाए गए हैं। सबसे महत्वपूर्ण घाटों पर डेढ़ सौ से ज्यादा सफाईकर्मियों को लगा दिया गया है। सड़क के किनारे नालियां बनाई जा रही है। सफाई की मुकम्मल व्यवस्था के लिए पीडी डीआरडीए अश्विनी कुमार मिश्र और डीडीओ हवलदार सिंह को सुपरविजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा जिले के तीन एडीएम को मेला क्षेत्र का दौरा कर पाई गई कमियों को दूर कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ईओ फैजाबाद को अपने स्टाफ के साथ अयोध्या मेला क्षेत्र में लगा दिया गया है। कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी एसएस सेठी ने बताया कि पंचायत विभाग के सफाई कर्मियों को सफाई के लिए उतारा गया है।