परीक्षा की कॉपियां जांचते शिक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
अवध विश्वविद्यालय में कापियों के मूल्यांकन का काम तेजी से शुरू हो गया है। तैनात सभी परीक्षकों के आने से दो दिन में बीकॉम व एमकॉम की उत्तर पुस्तिकाएं जंच जाएंगी। विवि प्रशासन का कहना है कि कॉपियों का मूल्यांकन कार्य 8 अप्रैल से ही शुरू हो गया था, लेकिन तेजी सोमवार से आई है।
मूल्यांकन के मुख्य समन्वयक प्रो. एचपी पांडेय ने बताया कि अब तक करीब 20 हजार कॉपियां जंच गई हैं। 20 अप्रैल तक बीकॉम का रिजल्ट आ सकता है। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विवि की मुख्य परीक्षाएं जारी हैं।
सोमवार को 25वें दिन भी पेपर हुए, इस बीच कॉपियों का मूल्यांकन कार्य जल्दी निपटाकर रिजल्ट जुलाई में शुरू हो रहे नए सत्र से पहले घोषित करने की तैयारी चल रही है। सोमवार तक 20 हजार कॉपियों का मूल्यांकन हुआ है। मूल्यांकन के हॉल में 40 सीसी कैमरे लगाए गए हैं।
कुलपति प्रो.जीसीआर जायसवाल ने सबसे पहले वाणिज्य संकाय के स्नातक व परास्नातक की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू कराया है। वाणिज्य पाठ्यक्रम के मूल्यांकन प्रभारी केएनआई सुल्तानपुर के डा. केडी सिंह बनाए गए हैं।
मुख्य समन्वयक प्रो. एचपी सिंह ने बताया कि कॉपियों का मूल्यांकन तेजी से चल रहा है। सोमवार से विज्ञान संकाय की कॉपियों की भी कोडिंग शुरू हो गई है। इसके बाद जांचने का काम शुरू होगा।