अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय ने शासन के आदेश पर 20 मई से ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही साप्ताहिक रोस्टर के अनुक्रम में 50 प्रतिशत कर्मचारी व अधिकारी कोविड-19 के प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए संस्थान में उपस्थित होंगे। कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह के निर्देश पर विश्वविद्यालय एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों को दिशा-निर्देश प्रदान कर दिया गया है।
कुलसचिव उमानाथ ने बताया कि प्रदेश शासन के विशेष सचिव अब्दुल समद द्वारा प्रदेश के राज्य एवं निजी विश्वविद्यालयों को भेजे गए पत्र के क्रम में 20 मई से पाठ्यक्रम से सम्बंधित सभी कक्षाएं एवं शिक्षण कार्य परिसर एवं संस्थान में न होकर ऑनलाइन संचालित किए जाने का निर्देश जारी किया था। बताया कि ऑनलाइन कक्षाओं के लिए उच्च शिक्षा की डिजिटल लाइब्रेरी में प्रदेश के सर्वोत्तम शिक्षकों के ई-कंटेंट अपलोड किए गए हैं।
इसका उपयोग भी छात्र-छात्राएं ऑनलाइन कर सकते हैं। इसी क्रम में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों में साप्ताहिक रोस्टर के अनुसार 50 प्रतिशत कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित रहेंगे। अन्य कर्मचारी पूर्व की भांति वर्क फ्रॉम होम के तहत कार्य करते रहेंगे। उन कर्मचारियों को परिसर में आवश्यकता पड़ने पर बुलाया जा सकता है।