अयोध्या। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से संचालित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा 2022 रविवार को फैजाबाद शहर में रायबरेली रोड के उसरू स्थित गुरुनानक एकेडमी गर्ल्स इंटर कॉलेज व उससे सटे गुरुनानक गर्ल्स डिग्री कॉलेज परिसर में होगी।
परीक्षा सुबह 11 बजे से 12:30 बजे तक होगी। इसमें कक्षा नौ से 12 तक के 555 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा प्रतिवर्ष आयोजित की जाती रही है। कोरोना की वजह से परीक्षा में व्यवधान उत्पन्न हुआ था।
अब पुन: मेधावी बच्चों के लिए छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र पंजीकृत मोबाइल नंबरों व ई-मेल आईडी पर भेजे गए हैं। प्रवेश पत्र में कोई दिक्कत हो तो बच्चे अपने स्कूल का आईडी कार्ड या आधार कार्ड साथ लेकर आएं।
परीक्षा ओएमआर सीट पर होगी, जिसे भरने के लिए नीला या काला डॉट पेन साथ लेकर आना होगा। परीक्षार्थियों को 90 मिनट में 100 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। निगेटिव मार्किंग नहीं होगी। श्रीगुरुनानक एजुकेशनल सोसाइटी के सीईओ अमनदीप सिंह विसी ने कहा कि परीक्षा की तैयारियां चल रही हैं।
नकलविहीन व शुचितापूर्ण परीक्षा का आयोजन होगा। सभी शिक्षकों की ड्यूटी कक्ष निरीक्षक के रूप में लगाई जाएगी। शिक्षणेत्तर कर्मियों को भी परीक्षा के आयोजन में अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्वच्छ पेयजल, प्रसाधन और साइकिल स्टैंड की व्यवस्था दुरुस्त की गई है।