पटरंगा। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर जरायल कलां गांव के पास खड़े ट्रक में पीछे से दूसरे ट्रक के भिड़ने से एक की मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रविवार सुबह पटरंगा थाना क्षेत्र में हुआ। खड़े ट्रक में गिट्टियां लदी थीं। पीछे से भिड़े ट्रक में शराब लदी थी। हादसे के बाद पुलिस ने वाहनों को मुख्य मार्ग से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि हाईवे किनारे रात में अक्सर ट्रक खड़े हो जाते हैं। ये हादसे की वजह बनते हैं। रविवार सुबह भी ऐसा ही हुआ। लखनऊ से अंग्रेजी शराब की बोतलें लादकर गोरखपुर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में भिड़ गया। पीछे से भिड़े ट्रक के परखचे उड़ गए। चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह यादव ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया। गंभीर रूप से घायल मुरादाबाद के बेलारी थाना क्षेत्र के थामला निवासी सईक (32) को सीएचसी रुदौली व मुरादाबाद के कुंदरिका निवासी सानिब (25), जलालपुर कुंदरिका मुरादाबाद निवासी तौफीक (35) व सफैनी रामपुर थाना क्षेत्र के समापुर निवासी मुस्तकीम (55) को सीएचसी मवई भेजवाया गया। सईक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जाएगी।