शनिवार की शाम भीखापुर क्षेत्र स्थित शहनवां स्थित देशी शराब की दुकान में तोड़फोड़ व आगजनी मामले में पुलिस से पकड़े गए एक युवक के विरोध में महिलाओं ने रविवार को कोतवाली का घेराव किया। महिलाओं ने निर्दोष युवक को गिरफ्तार करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। पुलिस के शराब ठेका हटवाने व पूछताछ के बाद युवक को छोड़ने का आश्वासन पर महिलाएं शांत हो लौट गईं।
बता दें कि बीती शाम भीखापुर क्षेत्र स्थित शहनवां देशी शराब की दुकान को हटवाने की मांग को लेकर तहसील में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर महिलाओं ने दुकान पर धावा बोल दिया था। दुकान का ताला तोड़कर महिलाओं की भीड़ ने दुकान में रखी शराब बाहर फेंक दी और फिर शराब में आग लगा दी थी।
मामले में पुलिस ने सिविल लाइन निवासी प्रकाश सिंह की तहरीर पर तीन नामजद व सात-आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। रविवार को पुलिस क्षेत्र के एक युवक को उठा लाई। सूचना पर क्षेत्र की सविता, कुसुम, रीना, उमा, माया, बुधया, अमरावती, लीलावती, मधु, संतोष, गायत्री आदि महिलाओं ने कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि जो शराब की दुकान गांव में थी, उससे महिलाओं को काफी दिक्कत होती थी। आती-जाती महिलाओं पर नशेड़ी फब्तियां कसते थे। यही नहीं, दुकान से कुछ दूरी पर मंदिर व दो विद्यालय भी है।
इससे बच्चों की मानसिकता पर बुरा असर पड़ रहा था, जिसे देखते हुए महिलाओं ने यह विरोध किया। पुलिस पर आरोप लगाया कि जिस लड़के को पकड़कर लाई है उसका उससे कुछ लेना देना नहीं है, जबकि दुकान पर ताला लगाने व प्रदर्शन में क्षेत्र की महिलाएं शामिल थीं न कि पुरुष। कोतवाल प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी को जांच के क्रम में पूछताछ के लिए लाया गया था।