तारुन। तारुन थाना क्षेत्र स्थित रामपुरभगन बाजार में रिटायर्ड शिक्षक रामतीरथ तिवारी की हत्या के मामले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान धर दबोचा। इस दौरान एक सिपाही भी घायल हो गया।
मामला 11 अगस्त की सुबह का है। रामतीरथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इंस्पेक्टर अशोक कुमार यादव ने बताया कि शिक्षक के कुचलने की घटना के बाद क्षेत्राधिकारी बीकापुर डॉ. राजेश तिवारी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया था। गौराघाट तिराहा गयासपुर में सोमवार रात 11.55 पर चेकिंग के दौरान कछौली पुल की तरफ से बाइक सवार दो व्यक्ति आ रहे थे। पीछा किया गया तो बाइक पर बैठा व्यक्ति पुलिस पर फायरिंग करने लगा। जवाबी फायरिंग में आरोपी जुबैर खान के बाएं पैर में गोली लगी। उसे घटनास्थल से ही पकड़ लिया गया। मुठभेड़ में सिपाही शैलेन्द्र कुमार भी घायल है। जुबैर खान से तमंचा व कारतूस बरामद कर जेल भेज दिया गया। इस दौरान दूसरा आरोपी भाग निकला।
झगरोली के पास दूसरा साथी गिरफ्तार
मामले के दूसरे आरोपी दुर्गेश यादव को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना तारुन प्रभारी अशोक यादव ने बताया कि दुर्गेश यादव निवासी थाना क्षेत्र के विजयनपुर सजहरा को कनकपुर झगरोली बैंक के पास से गिरफ्तार किया गया।