अयोध्या। जिले में अनामिका शुक्ला से संबंधित जांच तेज हो गई है। शासन के निर्देश के बाद बृहस्पतिवार को जिले के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों व कर्मचारियों के अभिलेखों का सत्यापन कराने के लिए रोस्टर जारी किया गया है।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में एक ही अभिलेख पर कई जगह नौकरी करने के मामले सामने आने पर जिले में भी ऐसे मामलों की खोजबीन शुरू हुई है। हालांकि, अभी तक जिले में ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया था। फिर भी संदेह के आधार पर जिले के दस कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षकों व कर्मचारियों के मूल अभिलेखों का सत्यापन करने की कवायद शुरू हुई है।
बृहस्पतिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार देव पांडेय ने सत्यापन के लिए रोस्टर जारी किया है। बीएसए ने बताया कि सत्यापन के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। संबंधित ब्लॉक का खंड शिक्षाधिकारी समिति का अध्यक्ष होगा। जबकि डीसी बालिका स्नेहलता व डीसी निर्माण गिरिजा शंकर पांडेय सदस्य होंगे।
जिला समन्वयक बालिका स्नेहलता ने बताया कि केजीबीवी में कार्यरत सभी शैक्षिक/शिक्षणेतर स्टाफ के मूल अभिलेखों का सत्यापन 15 जून से एडी बेसिक कार्यालय में किया जाएगा, जो कि 18 जून तक चलेगा। सभी कर्मचारियों को हाईस्कूल, इंटर का अंकपत्र व प्रमाण पत्र, स्नातक का अंकपत्र, प्रशिक्षित स्नातक प्रमाण पत्र, टीईटी उत्तीर्ण अंकपत्र एवं प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा।