अयोध्या। पीडब्ल्यू मंत्री जितिन प्रसाद बुधवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी व रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। इसके बाद राममंदिर के तीनों रास्तों के चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया।
कार्य की धीमी गति जानकर नाराज हुए और कहा कि लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी। दिन-रात काम करते हुए डेडलाइन से पहले चौड़ीकरण कार्य पूरा किए जाने के निर्देश दिये।
मंत्री जितिन प्रसाद ने रामपथ, भक्ति पथ और जन्म भूमि पथ का निरीक्षण किया। जब उन्हें पता चला कि अभी महज 20 प्रतिशत ही कार्य हुआ है तो वह भड़क गये। उन्होंने कहा कि इन तीनों पथ को तैयार करने की डेडलाइन दिसंबर 2023 है। उसके पहले कार्यों को पूरा करें। इसके लिए दिन-रात कार्य कराया जाए।
चौड़ीकरण कार्य में लापरवाही व शिथिलता देखने पर उन्होंने निर्माण विभाग और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को प्रत्येक माह की वर्किंग और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। कहा कि लापरवाही पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते जितिन प्रसाद ने बताया कि रामनगरी का विकास सरकार की प्राथमिकता में है। हम लोगों का सौभाग्य है कि ऐसे पुनीत कार्य में भी योगदान देने का अवसर मिला है।
पूरी मुस्तैदी, तीव्रता व गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए तय समय सीमा पर अयोध्या नगरी का विकास कराएं। निरीक्षण के दौरान जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, स्थानीय पार्षद रमेश दास मौजूद रहे।
पीडब्ल्यूडी मंत्री ने सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक भी की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग की जितनी योजनाएं चल रही हैं, उनकी हकीकत जानी।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि कार्यों की गुणवत्ता व समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। शहर की सड़कों जो अब तक गड्ढ़मुक्त नहीं हो सकी हैं, उन्हें तत्काल दुरूस्त कराने को कहा।
गड़्ढायुक्त सड़कों की सूची बनाकर दें : जितिन
अयोध्या। पीडब्लूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने सर्किट हाउस में भाजपा विधायकों व पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों का फीडबैक लिया। उन्होंने नेताओं से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र की गड्ढायुक्त सड़कों की सूची बनाकर दें। उन्हें तत्काल ठीक कराया जाएगा।
पदाधिकारियों द्वारा बताये गये सुझावों को अधिकारियों की बैठक में रखने व उस पर अमल करने का आश्वासन दिया। इस दौरान संगठनात्मक व पार्टी के कार्यक्रमों के बारे में भी विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल ने जिले में ग्रामीण सड़कों की खराब स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।
भाजपा नेता गिरीश पांडेय डिप्पुल व कृष्ण कुमार पांडेय खुन्नू ने भी ग्रामीण परिवेश में सड़कों के खराब होने का प्रकरण उठाया। इस दौरान विधायकों में वेद प्रकाश गुप्ता, रामचन्दर यादव, अमित सिंह चौहान, निवर्तमान महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह मौजूद रहे।