अयोध्या। जुड़वा शहर में आवागमन बाधित होने और कचहरी आने जाने वाले लोगों व अधिवक्ताओं के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था न होने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। अधिवक्ताओं ने सोमवार को जिलाधिकारी आवास से मंडलायुक्त आवास तक प्रदर्शन किया और प्रशासन विरोधी नारे भी लगाए।
इसके बाद अधिवक्ताओं ने मंडलायुक्त आवास के सामने अयोध्या-लखनऊ राजमार्ग पर जाम लगा दिया। प्रशासन ने रूट डायवर्जन करके स्थिति को किसी तरह नियंत्रित किया। बार एसोसिएशन के मंत्री सूर्य नारायण सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री समेत मंत्रियों व उच्चाधिकारियों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए पत्र भेजा गया है। इसमें कहा गया है कि रामपथ निर्माण के कारण कचहरी आने-जाने के सभी रास्तों को हर तरफ से रोक दिया गया है। अधिवक्ताओं और वादकारियों को कचहरी पहुंचने में परेशानी हो रही है। कहा कि वाहनों की पार्किंग की तत्काल व्यवस्था नहीं कराई गई तो विवश होकर अधिवक्ताओं और उनसे जुड़े अन्य कर्मचारियों को कचहरी परिसर में ही वाहन करना खड़ा करना पड़ेगा।