अयोध्या। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए प्राप्त हुए प्रवेश पत्रों में त्रुटि पाई गई है। मंडल के चार जिलों में ऐसा प्रकरण सामने आने पर संयुक्त शिक्षा निदेशक ने इसके वितरण पर रोक लगाई है। शीघ्र ही नया प्रवेश पत्र प्राप्त होने पर उसे बांटने को कहा गया है।
मालूम हो कि इस बार उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से आयोजित की गई हैं। जिसमें जिले के 83334 छात्र-छात्राएं सम्मिलित होंगे। इसके लिए इस बार 125 स्कूलों को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए विभागीय तैयारियां भी तेजी से चल रही हैं। उत्तर पुस्तिका व प्रश्नपत्रों की आमद तेजी से हो रही है, जिन्हें शीघ्र ही केंद्रों पर पहुंचाने की कवायद चल रही है। वहीं, प्रवेश पत्रों को पूर्व में ही कॉलेजों को भेज दिया गया है, जिनका वितरण भी शुरू हो चुका है।
इधर, वितरण शुरू होने पर कुछ प्रवेश पत्र में गड़बड़ी के मामले सामने आए हैं। छपाई में त्रुटि होने की वजह से प्रवेश पत्रों में परीक्षा का समय गलत अंकित हो गया है। परीक्षा का समय इस बार आठ बजे से 11:25 बजे तक निर्धारित है, जबकि प्रवेश पत्र में दो वर्ष पूर्व का समय सुबह 07:30 बजे से 10:45 बजे ही अंकित है। ऐसी समस्या मामले मंडल के चार जिलों में सामने आ रही है। जिनमें अयोध्या, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर व अमेठी शामिल हैं। मामले की जानकारी मिलती ही सोमवार को संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक ने कॉलेजों को प्रवेश पत्र न बांटने का निर्देश दिया है।
संयुक्त शिक्षा निदेशक मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि चार जिले के प्रवेश पत्र में त्रुटिवश परीक्षा का समय गलत छप गया है। जबकि ऑनलाइन देखने पर टाइमिंग सही अंकित मिल रही है। बताया कि छह फरवरी तक नया प्रवेश पत्र प्राप्त होते ही वितरित कराया जाएगा।