अयोध्या। जिला पुरुष और महिला चिकित्सालय में अब बगैर मास्क प्रवेश नहीं मिलेगा। अस्पताल में भर्ती मरीज के साथ एक ही तीमारदार को रहने की अनुमति होगी। यह निर्देश बुधवार को जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने दोनों अस्पतालों में कोविड गाइड लाइन के पालन की स्थिति का जायजा लेते समय दी। इस दौरान एक व्यक्ति के बगैर मास्क अस्पताल में टहलते पाए जाने पर पुलिस को जुर्माना लगाने का निर्देश दिया।
उन्होंने जिला अस्पताल और महिला अस्पताल का जायजा लिया। दोनों अस्पताल के वार्डों का भ्रमण किया। कुछ मरीजों के साथ दो तीमारदार पाए जाने पर उन्होंने दोनों अस्पतालों के सीएमएस को एक से अधिक तीमारदार न रहने की व्यवस्था बनाने को कहा। सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखे जाने का निर्देश दिया। बगैर मास्क अस्पताल में प्रवेश पर रोक लगाने का निर्देश दिया। जिला अस्पताल में बगैर मास्क टहलते पाए जाने पर चौकी इंचार्ज को जुर्माना लगाए जाने का निर्देश दिया।