अयोध्या। अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं को जरा सी भी दिक्कत न हो इसके लिए प्रशासनिक कवायद जोरों पर है। शनिवार कोवीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने मंडल, जिले के अफसरों के साथ बातचीत में इसको लेकर निर्देश दिए और कहा कि हमारा फोकस भक्तों की सुविधाओं पर है।अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। बढ़ती संख्या के मद्देनजर नागरिक सुविधाओं पर खासा जोर है। शनिवार को मुख्य सचिव की बातचीत इसी पर केंद्रित रही। कमिश्नर गौरव दयाल ने बताया कि अयोध्या में आने वाले श्रद्धालु के रहने, भोजन, आवागमन सहित अन्य सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई। बातचीत में रामनगरी में सुविधाएं बढ़ाई जाने को लेकर निर्देश दिया गया है। अयोध्या के मठ, मंदिरों, होटलों आदि के संचालकों के साथ बैठक की जाएगी। उनके लिए न्यूनतम मानक तय किए जाने के लिए कहा गया। उनकी क्षमता वृद्धि का भी प्रयास होगा। होटल के लिए आये प्रस्ताव पर अनुमति दिए जाने को लेकर बात हुई है। जिनको अनुमति दी जा चुकी है इनके साथ बैठक करके इसे जल्द शुरू कराए जाने और अन्य प्रस्ताव पर शीघ्र कार्यवाही पूरी कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि बैठक में नागरिक सुविधाएं बढ़ाई जाने पर ही फोकस रहा। अयोध्या में चल रही विकास परियोजनाओं मुख्य सचिव यहां आने पर स्थलीय निरीक्षण करेंगे। बैठक में जिलाधिकारी नीतीश कुमार, एडीए उपाध्यक्ष विशाल सिंह सहित संबंधित अफसर मौजूद थे।